जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से होने जा रही है। इस बार पहली बार डिजिटल माध्यम के साथ स्वगणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पीलीभीत जनपद के लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुँचकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
ऑनलाइन विवरण भरने के बाद परिवार को एक विशिष्ट स्व‑गणना पहचान संख्या (SEID) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना पड़ेगा। वह इस पहचान संख्या के आधार पर दर्ज जानकारियों का सत्यापन करेंगे।
स्वगणना प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें नाम, उम्र, लिंग, परिवार में आपसी संबंध, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, मातृभाषा, दिव्यांगता सहित विभिन्न सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारियाँ शामिल होंगी। इस बार जाति से संबंधित जानकारी दर्ज करने का भी प्रावधान किया गया है।
पहले चरण में किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाए लोगों को दूसरे चरण में अपनी जानकारी दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि देश का कोई भी नागरिक गणना से वंचित न रहे। परिवार के सदस्य वर्तमान में जिस स्थान पर रह रहे होंगे, उनकी गणना उसी स्थान पर की जाएगी।
जनगणना में केवल मकानों में रहने वाले परिवारों की ही जानकारी नहीं जुटाई जाएगी, बल्कि फुटपाथ पर जीवनयापन करने वाले, बेघर और अस्थायी ठिकानों पर रहने वाले लोगों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा जेलों, छात्रावासों, आश्रय स्थलों और अन्य संस्थानों में निवास करने वाले व्यक्तियों का भी विवरण संकलित किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत चार जनवरी को सूर्यास्त के बाद उत्तर प्रदेश के शहरों और कस्बों में प्रगणक विशेष अभियान चलाएंगे। इस दौरान फुटपाथ और खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों की गणना रात दस बजे तक पूरी की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए।
यदि किसी परिवार के घर निर्धारित अवधि में प्रगणक नहीं पहुँचते हैं तो वह 1855 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके बाद संबंधित परिवार की गणना पूरी कराने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के लिए किसी भी व्यक्ति से बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन अथवा ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। नागरिकों को अनजान व्यक्तियों के साथ अपनी वित्तीय गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है।
डीएम आलोक कुमार ने बताया कि पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की जनसंख्या की सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े प्रमाणिक आंकड़े जुटाना है।
उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में नगर में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य पूरा कराया जा चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर तक स्व‑गणना, एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर‑घर जाकर जनसंख्या गणना और पाँच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!