FSDA Raid News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने पान मसाला फैक्ट्रियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एफएसडीए ने कानपुर और लखनऊ में मौजूद 55 फैक्ट्रियों पर छापा मारा और 15.70 करोड़ रुपये मूल्य से अधिक के 339.69 क्विंटल संदिग्ध खाद्य पदार्थ एवं मिलावट माल जब्त किया। अभियान के दौरान 92 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। खराब और शीघ्र क्षरणीय 36.15 क्विंटल सामग्री, जिसकी कीमत 10.18 लाख रुपये है, मौके पर नष्ट कराई गई।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डा. रोशन जैकब के निर्देशन में 52 खाद्य सचल दलों को अभियान में लगाया गया। दोनों जनपदों में कुल 55 पान मसाला निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इनमें 19 इकाइयां क्रियाशील मिलीं, जबकि 36 इकाइयां विभिन्न कारणों से बंद पाई गईं। विभाग ने बंद इकाइयों की भी गतिविधियों की जांच की और जहां पान मसाला निर्माण के लिए प्राप्त लाइसेंस की आड़ में अन्य कारोबार संचालित किया जा रहा था, वहां कारण बताओ नोटिस जारी कर लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए।
एफएसडीए की अपर आयुक्त (प्रशासन) रेखा एस. चौहान के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कानपुर नगर की 41 पान मसाला निर्माण इकाइयों का प्रदेश स्तर के अधिकारियों की 41 टीमों द्वारा निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान राधा रानी फ्रेगरेंस में एक ही परिसर में पान मसाला और तंबाकू का निर्माण पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित कर परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया तथा 72 हजार रुपये की सुपारी जब्त की गई। एए फ्लावर्स इंटरनेशनल से 10 नमूने लेकर 15.16 लाख रुपये, श्री कृष्णा फ्रेगरेंस से करीब 9 लाख रुपये, ओम एंड कंपनी से 19.5 लाख रुपये तथा त्रिमूर्ति फ्रेशनर एंड फ्लेवर्स से करीब 45 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की गई।
लखनऊ में भी अभियान के दौरान कार्रवाई हुई। राज किशोर सन्स (आरके ब्रांड) से पांच नमूने लेकर 76 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई। परिसर में 72 किलोग्राम तंबाकू का निर्माण होता पाया गया, जिसे प्रतिबंधित किया गया। एक ही परिसर में पान मसाला, सुपारी और तंबाकू का निर्माण मिलने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई। शिमला द बालाजी स्पेशल फ्लेवर्स (कायम ब्रांड) से सात नमूने लेकर 3,404 किलोग्राम सामग्री, करीब 38.54 लाख रुपये मूल्य की जब्त की गई। केवीएन एफएमसीजी (कमला पसंद एवं राजश्री ब्रांड) से चार नमूने लिए गए और 2,459.4 किलोग्राम कत्था पाउडर, करीब 18.44 लाख रुपये मूल्य का, जब्त किया गया।
सत्य नारायण केशो राम प्रा.लि. (कलश ब्रांड) से 10 नमूने लिए गए। यहां 148 किलोग्राम सिंथेटिक परफ्यूमरी कंपाउंड, तंबाकू और सैकरीन जब्त किए गए। तंबाकू और पान मसाला निर्माण एक ही परिसर में पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई। वहीं गोमती इंडस्ट्रीज से नौ नमूने लेकर 12,307.4 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत 59.38 लाख रुपये है, जब्त किया गया। शिमला गोमती पान प्रोडक्ट्स से 245 किलोग्राम पान मसाला जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 6.89 लाख रुपये आंकी गई।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!