कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में केंद्र की मोदी सरकार और देश के प्रमुख उद्योगपतियों अडानी-अंबानी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने देश की वर्तमान आर्थिक नीतियों पर गहरी चिंता जताते हुए जनता को आगाह किया कि आने वाले दिनों में देश एक ऐसे भयानक आर्थिक संकट का सामना करने जा रहा है, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की होगी। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि देश में ऐसा आर्थिक आंधी-तूफान आने वाला है, जिसे हमने अपनी जिंदगी में कभी नहीं देखा होगा। इसमें कुछ नहीं टिकेगा। इसकी चोट मजदूरों, किसानों, देश के युवाओं को लगने वाली है। कोई अमीर इससे प्रभावित नहीं होगा। वह तो अपने महलों में चैन से रहेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से देश की इकॉनमी (अर्थव्यवस्था) का ढांचा बदला है, वह आने वाले इस बड़े आर्थिक तूफान के सामने टिक नहीं पाएगा। उन्होंने दुख जताते हुए कहा, "इस भयानक आर्थिक तूफान का सबसे बड़ा खामियाजा देश के युवाओं, किसानों, और छोटे व्यापारियों को ही भुगतना पड़ेगा। इस झटके का असर उद्योगपति अडानी-अंबानी या खुद नरेंद्र मोदी पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा। वे तो अपने सुरक्षित और बड़े-बड़े महलों में आराम से बैठे रहेंगे, लेकिन असली चोट देश के गरीब मजदूर और छोटे दुकानदार को लगेगी। आने वाला समय बहुत कठिन होने वाला है।"
जनता से सीधा संवाद करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, "मैं पिछले कई महीनों से लगातार चिल्ला-चिल्ला कर कह रहा हूं कि एक बड़ा आर्थिक आंधी-तूफान आ रहा है, जिसके बाद महंगाई आसमान पर चली जाएगी। लेकिन वह कहते हैं कि राहुल गांधी का समझ नहीं है। हम आज भी सरकार से कह रहे हैं कि देश की जनता और अन्नदाता किसानों की रक्षा कीजिए, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को आम जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है।"
उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि देश में कोई ठोस कदम उठाने या आर्थिक सुधार करने के बजाय नरेंद्र मोदी देश के लोगों से कह रहे हैं कि कोई भी विदेश यात्रा न करे, जबकि वे खुद हर दूसरे दिन दुनिया भर का दौरा कर रहे हैं। वे हवाई जहाज में बैठकर कभी नॉर्वे चले जाते हैं तो कभी जापान का चक्कर लगाने लगते हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरी तरह से अडानी और अंबानी का कंट्रोल है। उन्होंने मीडिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा, "टीवी खोलते ही कभी आपको अडानी की बात दिखेगी, तो कभी अंबानी के घर की शादी दिखाई जाएगी। मैं कहता हूं कि कभी देश के गरीब किसानों और उनकी बदहाली की बात भी कर लो, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे। क्योंकि अडानी-अंबानी ही फेसबुक, व्हाट्सएप और हर जगह मोदी जी की मार्केटिंग करते हैं। यहां तक कि मीडिया वाले भी खुद कहते हैं कि हमें सैलरी अंबानी-अडानी देते हैं, तो हम उनके खिलाफ क्या करें।"
राहुल गांधी ने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर इस देश को बचाना है और आर्थिक तबाही से रोकना है, तो आप लोगों को आगे आना होगा और देश को बदलना होगा। उन्होंने कहा, "जब तक आप लोग यह सरकार नहीं बदलोगे, तब तक देश में महंगाई इसी तरह लगातार बढ़ती जाएगी। देश की आम जनता की कमाई का पूरा पैसा सीधे तौर पर उनकी जेबों में जाता रहेगा और उनके बड़े-बड़े महल बनते रहेंगे।" राहुल गांधी ने यह भी कहा कि चाहे कितनी भी बड़ी आंधी आ जाए, हम हर परिस्थिति में आपके साथ मजबूती से खड़े हैं। मैं देश की जनता से सच्चा प्यार करता हूं और आखिरी सांस तक किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा।
इससे पहले पत्रकारों से वार्ता करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों और मजदूरों का पैसा अपने दोस्तों को दे दिया है। उन्होंने जो अंबानी अडानी वाला स्ट्रक्चर बनाया है, उससे नुकसान आम जनता का होगा। जो आर्थिक शॉक आ रहा है, वह अडानी अंबानी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नहीं लगेगा। वह यूपी और देश के युवाओं, किसानों को लगेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!