बिहार की राजधानी पटना के कई इलाकों में आज बिजली के लिए हाहाकार की स्थिति रहेगी। दरअसल प्रोजेक्ट कार्य के लिए गुरुवार को 11 केवी के सात फीडर बंद रहेंगे। उसमें लोहियापथ, कोथवां, त्रिभुवन, यूनिवर्सिटी, उत्तरी जयप्रकाश नगर, ईस्ट फीडर और नासरी गंज फीडर शामिल हैं। लोहिया पथ और उत्तरी जयप्रकाश नगर फीडर सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक बंद रहेगा। इससे जुड़े इलाके लोहिया पथ, शर्मा पथ, रूपसपुर भट्टा पर, चमरटोली, महुआ बाग झंडी रोड, उत्तरी जयप्रकाश नगर रोड नंबर एक से चार तक की बिजली इस बीच बंद रहेगी। इधर रेडिएंट और त्रिभुवन फीडर सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। इससे जुड़े इलाके कश्यप ग्रीन सिटी, कोथावां गांव और राजदेव इनक्लेव, त्रिभुवन स्कूल, विजय यादव पथ, यशोदा कॉलोनी, विद्युत नगर की बिजली कटी रहेगी।
यूनिवर्सिटी फीडर सुबह 8 से 9 बजे तक बंद रहेगा। इससे जुड़े इलाके माखनियां कुआं, खुदा बख्श लाइब्रेरी, अशोक राजपथ की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। ईस्ट फीडर सुबह 8 से दस बजे तक बंद रहेगा। इससे इस बीच मगध विहार, धकनपुरा, साधनापुरी, महादेव इनक्लेव, रोड नंबर 4ए, रोड नंबर दस, गर्दनीबाग हॉस्पिटल दोमहला की बिजली कटी रहेगी। नासरी गंज फीडर सुबह दस से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। इससे जुड़े इलाके पठान टोला, हजाम टोला, बाबू साहब रोड, प्राचीन देवी मंदिर के आसपास की बिजली बाधित रहेगी।
इधर पटना शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पेसू बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रहा है। आने वाले चार माह के भीतर शहर की आपूर्ति क्षमता में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पेसू की योजना अनुसार सितंबर से दिसंबर तक शहर की कुल बिजली आपूर्ति क्षमता बढ़कर 2765 एमवीए (मेगा वोल्ट एम्पीयर) हो जाएगी। वर्तमान में आपूर्ति क्षमता 2445 एमवीए है। 320 एमवीए अतिरिक्त क्षमता का विस्तार होगा। इस बढ़ोतरी से पीक आवर में होने वाले ओवरलोडिंग से ट्रिपिंग और बिजली कट की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
आपूर्ति क्षमता को 320 एमवीए तक बढ़ाने के लिए शहर में 16 नए पावर सबस्टेशन तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान में शहर में 86 पावर सबस्टेशन पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। इन 16 नए सबस्टेशनों के शुरू होने के बाद दिसंबर तक शहर में कुल पावर सबस्टेशनों की संख्या बढ़कर 102 हो जाएगी। नए सबस्टेशनों के नेटवर्क में जुड़ने से पुराने सबस्टेशनों पर पड़ रहा दबाव कम होगा और तकनीकी खराबी के दौरान भी वैकल्पिक मार्ग से बिजली चालू रखी जा सकेगी।
नए सबस्टेशनों को चालू करने के लिए पेसू ने दो से तीन चरणों में लक्ष्य निर्धारित किया है। पहला चरण सितंबर के अंत तक 16 में से लगभग 6 से 7 नए पावर सबस्टेशन पूरी तरह से चालू कर दिए जाएंगे। इनसे त्योहारों के सीजन में बिजली की बढ़ती मांग को संभालने में मदद मिलेगी। दूसरा और तीसरे चरण अक्तूबर से दिसंबर के बीच सभी सबस्टेशन पूरी तरह क्रियान्वित कर दिए जाएंगे। इससे पूरा नेटवर्क 102 सबस्टेशनों के साथ काम करने लगेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!