यूपी के प्रयागराज में हनुमानगंज के सराय इनायत के जैतपुर गांव में गुरुवार सुबह एक महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला ने चार साल की बेटी के सामने ही तड़पकर दम तोड़ दी। पुलिस के अनुसार, उतरांव का बसगिद गांव निवासी दिनेश मुंबई में ऑटो चलाता था। करीब पांच वर्ष पहले मुंबई में उसकी मुलाकात जौनपुर की 26 वर्षीय उषा से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। उनकी चार साल की बेटी स्वीटी है। बीते 11 अगस्त को दिनेश पत्नी और बेटी के साथ मुंबई से प्रयागराज आया। दिनेश के दूर के रिश्तेदार कोटवा निवासी आशीष की मदद से जैतपुर में किराए पर कमरा लेकर दंपती रहने लगे थे।
बुधवार रात दिनेश अपने गांव चला गया। पुलिस के मुताबिक, आशीष पिछले दो-तीन दिन से उषा पर उसके साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था। एक दिन पहले उषा ने उसे जमकर फटकारते हुए साफ इनकार कर दिया था। गुरुवार सुबह करीब दस बजे आशीष कमरे पर पहुंचा। उस समय उषा खाना बना रही थी। आरोप है कि आशीष ने पीछे से एक हाथ से सिर पकड़ा और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद वह भाग निकला।
करीब एक घंटे बाद मासूम स्वीटी रोती हुई घर से निकलकर गली में पहुंची, तब आसपास के लोगों को जानकारी हुई। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के साथ सरायइनायत पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो आरोपी की पहचान हुई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सरायइनायत के जैतपुर गांव में शादीशुदा उषा की हत्या करने के आरोपी आशीष ने पूरी तरह तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या करने से पहले उसने हनुमानगंज बाजार से 30 रुपये में सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और फिर उषा के कमरे में पहुंचा। एक दिन पहले ही उषा के कमरे में उसके परिवार के साथ आशीष ने पार्टी की थी। उसे इस बात की भी जानकारी थी कि उषा का पति दिनेश रात में ही अपने गांव चला गया है और घर पर उषा अपनी मासूम बेटी के साथ है।
पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी अशीष दिनेश के बहनोई का मौसेरा भाई है। आशीष ने ही जैतपुर गांव में अनिल सोनी के दोमंजिला मकान में कमरा किराए पर दिलाया था। आशीष का रोजाना कमरे पर आना-जाना था। उसने सिलेंडर से लेकर राशन तक का इंतजाम किया था। पूछताछ में पता चला कि आशीष एक दिन पहले बुधवार की रात दिनेश के कमरे पर गया था, जहां सभी ने पार्टी भी की थी। लेकिन, उषा पर उसकी नजर बनी थी। उषा ने उसे फटकार लगाते हुए पति को उसकी हरकत बताने की धमकी दी थी। इससे नाराज होकर उसने उषा की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक अनिल सोनी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो आशीष गली में वारदात के समय आते-जाते दिखा। वहीं, मृतका की चार साल की बेटी स्वीटी ने भी पूछताछ में पुलिस को वारदात की पूरी कहानी बयां कर दी। मासूम ने कातिल की पहचान भी की। बताया कि किचन में काम करते समय उसकी आंखों के सामने ही आशीष से पीछे से आकर चाकू से गला रेत दिया और फरार हो गया। उसकी मां खून से लथपथ होकर छटपटाते हुए दम तोड़ दी।
पुलिस के अनुसार, बरईपुर निवासी हत्यारोपी आशीष दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसका पिता प्रेमलाल पूर्व प्रधान है और पेंटिंग का काम करता है। आशीष की पत्नी कुछ साल पहले उसे छोड़कर जा चुकी है। इधर, दिनेश की पत्नी और बेटी के साथ मुंबई से लौटने के बाद आशीष की उसके परिवार से नजदीकियां बढ़ गई थी। वह उषा को बार-बार पति व बेटी को छोड़कर उसके साथ नई जिंदगी शुरू करने का दबाव बना रहा था।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!