दिल्ली में गुरुवार को हुए एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान बताते हुए उनकी पूजा की गई और उनके नाम पर बनी चालीसा का पाठ भी किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के अधीन आने वाले किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। राजन सिंह वहीं हैं, जिन्होंने हाल ही में पीएम मोदी को भगवान बताते हुए पटना में 120 करोड़ रुपए की लागत से उनका मंदिर बनाने की घोषणा की थी। हालांकि वहां मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही राजन सिंह ने दिल्ली में 'भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा' का पाठ कर दिया।
राष्ट्रीय राजधानी के प्रेस क्लब में हुए इस कार्यक्रम में आयोजकों ने ना केवल 'भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा' को प्रस्तुत किया गया, बल्कि पूरे भक्ति भाव के साथ इसका पाठ भी किया। इस दौरान मंच पर भगवान श्रीराम की तस्वीर पर प्रधानमंत्री का चेहरा लगाकर बनाई गई एक तस्वीर भी रखी गई थी। राजन सिंह मोदी को भगवान श्रीराम का अवतार बता चुके हैं और उन्होंने कहा था कि वो दोनों एक बराबर ही हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन 'नमह भारत' नाम की संस्था के द्वारा किया गया।
इससे पहले बिहार किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉक्टर राजन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को भगवान बताते हुए पटना में उनका एक मंदिर बनाने की जानकारी दी थी। मंदिर बनाने की वजह को लेकर सिंह ने कहा था, 'आजादी के बाद देश में किन्नरों को सबसे बड़ा अधिकार जो बिहार सरकार में आज मिला है, वो भगवान नरेंद्र मोदी की वजह से ही मिला है। क्योंकि भगवान नरेंद्र मोदी जी ही हैं, जिन्होंने साल 2019 में ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन एक्ट पारित किया, जिसकी वजह से आज हमारे बिहार में किन्नर लोग, दरोगा, सिपाही, होमगार्ड, डॉक्टर, इंजीनियर बन रहे हैं।'
आगे उन्होंने कहा था, 'बिहार सरकार के राज्य किन्नर समाज कल्याण बोर्ड द्वारा बिहार में एक भव्य मंदिर का निर्माण होगा, जो भगवान श्री नरेंद्र मोदीजी के नाम पर उन्हें समर्पित होगा। इसके लिए 29 जुलाई को पटना में हुई किन्नर कल्याण बोर्ड की बैठक में निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है।' उन्होंने बताया था कि यह मंदिर करीब 112 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा और इसके लिए करीब 5 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। जिसका प्रस्ताव बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय को भेज दिया गया है, क्योंकि जमीन का आवंटन वहीं से होगा।'
उन्होंने बताया था कि जैसे ही पटना में जमीन का आवंटन हमें मिल जाएगा, मंदिर का शिलान्यास और उसे बनाने का काम शुरू हो जाएगा। सिंह ने बताया था कि अगर मंदिर निर्माण में धन की कमी होती है, तो किन्नर समाज अपने सोने-चांदी की वस्तुओं का दान करेगा। उन्होंने बताया कि इस मंदिर के निर्माण कार्य का शिलान्यास मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।
उधर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने अपने परिसर में हुए 'भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा' की प्रस्तुति कार्यक्रम से पल्ला झाड़ लिया है। उसका कहना है कि हमसे वह जगह प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के नाम पर ली गई थी, और जैसे ही हमें इस गतिविधि की जानकारी मिली हमने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए कार्यक्रम को रुकवा दिया।
प्रेस क्लब ने इस बारे में सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए लिखा, 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया को पता चला है कि आज उसके परिसर में हुए एक कार्यक्रम की फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस पोस्ट के जरिए हम यह साफ करना चाहते हैं कि इस कार्यक्रम का आयोजन प्रेस क्लब की तरफ से नहीं किया था। एक संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए हॉल किराए पर लिया था, लेकिन जब उस संगठन ने जगह किराए पर लेने की शर्तों का उल्लंघन किया, तो क्लब के अधिकारियों ने तुरंत दखल दिया और कार्यक्रम को रोक दिया गया।'
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!