लखनऊ में दिव्या मिश्रा हत्याकांड ने सनसनी मचा दी। आईसीआईसीआई बैंक की मैनेजर दिव्या के उसके पति मानस वाजपेयी ने ही गुरुवार को दिनदहाड़े हत्या कर दी। इसके बाद, मानस ने घर जाकर अपनी बहन को भी मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद को भी गोली मार ली। कुछ ही समय में तीन लोगों की जान जाने की वजह से प्रदेश में हड़कंप मच गया। यूपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिव्या और मानस काफी समय से अलग रहे रहे थे और कुछ महीने पहले तलाक का केस भी दायर किया गया था। मानस ने पत्नी की हत्या करने के बाद वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाकर इसकी जानकारी दी और उसमें दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा के नाम का भी जिक्र करते हुए लिखा कि उसे सबकुछ पता है। प्रज्ञा मिश्रा यूपी की मशहूर यूट्यूबर हैं। अब प्रज्ञा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर अपना पक्ष रखा है।
प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''हत्यारे ने मेरा नाम स्टेटस में लिखा है कि मुझे सब पता था। हां, मुझे पता था कि हत्यारा मेरी बहन के साथ क्रूरता करता था, इसलिए वह उससे अलग होना चाहती थी।'' प्रज्ञा ने आगे लिखा कि ब्लिंकिट से मंगाए गए टमाटर में अगर कोई टमाटर खराब निकल जाता था, तो वो उसे ये कहकर पीटता था कि तूने कैसे ब्लिंकिट किया कि टमाटर खराब निकला। प्रज्ञा ने अपनी बहन दिव्या के हवाले से बताया कि मानस और उसकी बहन ने मिलकर अपनी मां की पिटाई की थी, जिससे उनका निधन हो गया था।
प्रज्ञा ने कहा, ''बकौल मेरी बहन, हत्यारे और उसकी बहन ने मिलकर अपनी माता जी को इतना पीटा था उसकी अपनी बीमार मां का निधन हो गया था। दिव्या सिर्फ हत्यारे से अलग होना चाहती थी। मेरी बहन ने मुझे बताया था कि फैमिली कोर्ट में काउंसलर के साथ भी हत्यारे की झड़प हुई थी। मेरी बहन ने बताया था कि शादी की सुहागरात पर हत्यारे ने घर के खर्चों की एक लिस्ट बनाई थी और आधा खर्च उठाने की शर्त रखी थी…जिसे मेरी बहन ने सहर्ष स्वीकार किया था। दिव्या ने पिछले एक साल से अपने हिस्से का खर्च उठाना बंद कर दिया था। साइको हत्यारे की नजर में ये चीटिंग हो सकती है। मेरी बहन ने मुझे बताया कि उसका पति साइको था, लेकिन इतना बड़ा इसका अंदाजा नहीं था। मुझे वो चीजें पता थीं जो मेरी बहन ने मुझे बताया। इतना सब होने के बाद भी वो तीज का व्रत रखने वाली थी। हाथ में हत्यारे मानस का टैटू नहीं हटवाया था। भीतर ही भीतर वो चाहती थी सब ठीक हो जाए। साइको सुधर जाए।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में गुरुवार को एक बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपनी मौत से पहले पोस्ट किए गए एक वॉट्सऐप में आरोपी ने दावा किया कि उसने अपनी पत्नी को इसलिए मार डाला क्योंकि उसने उसे धोखा दिया था। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की एक शाखा के बाहर हुई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा (37) के रूप में हुई है, जो बैंक में 'रिलेशनशिप मैनेजर' के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस वाजपेयी (40) स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में 'फील्ड ऑफिसर' के पद पर कार्यरत था।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!