बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को कोरा हवाहवाई बताते हुए कहा कि यह ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का यह प्रण-पत्र वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है।
1. यूपी में समाजवादी पार्टी द्वारा ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से कल जारी किया गया इनका यह ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई तथा ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज़्यादा है। 2. वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जा़हिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है, जिसका एक ताज़ा उदाहरण यूपी से राज्यसभा हेतु हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की अपार ग़रीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी। कभी नहीं। 3. इन बातों से से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है तथा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं। 4. वैसे भी ’हर हाथ को काम’ तथा ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ आदि विशुद्ध रूप से बी.एस.पी. की नीति व सिद्धान्त हैं तथा जिस सर्वसमाज व सर्वजन-हितैषी एजेण्डा पर बी.एस.पी. की यूपी में अब तक रही चारों सरकारों में पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अमल करके भी दिखाया गया है, जो कि विरोधी पार्टियों में भी खा़सकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते/मानते हैं। 5. इसके साथ ही, सपा के दामन पर भी ख़ासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया तथा यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम् मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।
बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का घोषणा-पत्र समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबली लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की सोच को दर्शाता है। ऐसे लोग जनहित के बजाय अपने स्वार्थ और लाभ की चिंता करते हैं।
मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बसपा की नीति और सिद्धांत हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों में सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी और निष्ठा से अमल किया गया। उन्होंने दावा किया कि सपा, कांग्रेस और भाजपा के लिए इस तरह काम करना संभव नहीं रहा है।
मायावती ने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जातिवादी द्वेष और दंगों से जुड़े मुद्दों को जनता भुला नहीं पाएगी। बसपा प्रमुख ने सपा के वादों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!