मेटा भारत में इंस्टाग्राम फॉर टीवी लॉन्च करने जा रही है। इसके जरिए यूजर्स टीवी पर रील्स, स्टोरीज और तस्वीरें देख सकेंगे। एप्पल टीवी, अमेजन फायर टीवी और गूगल टीवी पर यह सुविधा मिलेगी। एक टीवी पर पांच अकाउंट तक जोड़े जा सकेंगे। रील्स अपने आप चलेंगी और रिमोट से कंट्रोल होंगी। क्या मोबाइल की छोटी स्क्रीन की जगह अब टीवी पर इंस्टाग्राम देखना लोगों की नई पसंद बनेगा?आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
इंस्टाग्राम पर रील्स और वीडियो देखने का तरीका जल्द बदलने वाला है। अब यूजर्स को छोटे-छोटे वीडियो देखने के लिए बार-बार मोबाइल फोन की स्क्रीन पर स्क्रॉल नहीं करना पड़ेगा। मेटा भारत में इंस्टाग्राम फॉर टीवी लॉन्च करने जा रही है। इसके जरिए लोग अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के रील्स, स्टोरीज और दूसरी पोस्ट बड़ी टीवी स्क्रीन पर देख सकेंगे। खास बात यह है कि परिवार और दोस्त एक साथ बैठकर भी इंस्टाग्राम का कंटेंट देख पाएंगे।
मेटा ने शुक्रवार को मुंबई में आयोजित अपने सालाना क्रिएटर कार्यक्रम 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम' में इसकी घोषणा की। कंपनी के मुताबिक, भारत में यह ऐप कुछ ही दिनों में उपलब्ध हो जाएगा। मेटा का कहना है कि यूजर्स की तरफ से लगातार यह प्रतिक्रिया मिल रही थी कि क्रिएटर्स के वीडियो अकेले मोबाइल पर देखने के बजाय दोस्तों और परिवार के साथ बड़ी स्क्रीन पर देखना ज्यादा मजेदार होता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने टीवी के लिए इंस्टाग्राम का नया अनुभव तैयार किया है। मेटा के अनुसार, इसमें लोग एक साथ कंटेंट देख सकेंगे, रिमोट एक-दूसरे को दे सकेंगे और पसंदीदा वीडियो की सिफारिश भी कर सकेंगे।
इंस्टाग्राम फॉर टीवी को चुनिंदा स्मार्ट टीवी और स्ट्रीमिंग डिवाइस पर इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह ऐप एप्पल टीवी, अमेजन फायर टीवी और गूगल टीवी को सपोर्ट करने वाले डिवाइस पर उपलब्ध होगा। इसे शुरू करने के लिए यूजर्स को अपने टीवी के ऐप स्टोर से इंस्टाग्राम डाउनलोड करना होगा। इसके बाद वे अपने पहले से मौजूद इंस्टाग्राम अकाउंट से लॉगिन कर सकेंगे। इसके अलावा मोबाइल ऐप के सेटिंग्स बुकमार्क के जरिए भी टीवी वाले अनुभव को सीधे खोलने का विकल्प मिलेगा। यानी नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी।
भारत में इंस्टाग्राम फॉर टीवी का मुख्य फोकस रील्स और स्टोरीज पर रहेगा। इसके साथ ही यूजर्स को प्रोफाइल पर पोस्ट की गई तस्वीरें और कई तस्वीरों वाली पोस्ट देखने का विकल्प भी मिलेगा। इसकी खासियत यह होगी कि कुछ रील्स को टीवी की चौड़ी स्क्रीन के हिसाब से हॉरिजॉन्टल यानी आड़े प्रारूप में भी देखा जा सकेगा। मोबाइल की तरह छोटी स्क्रीन तक सीमित रहने के बजाय वीडियो बड़ी स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इससे परिवार के लोग एक ही जगह बैठकर पसंदीदा क्रिएटर्स का कंटेंट देख सकेंगे।
टीवी पर इंस्टाग्राम चलाने का तरीका मोबाइल से कुछ अलग होगा। इसमें यूजर्स को हर वीडियो देखने के बाद अगली रील के लिए स्क्रीन पर ऊपर की ओर स्क्रॉल नहीं करना पड़ेगा। रील्स अपने आप एक के बाद एक चलेंगी। दर्शक टीवी के रिमोट से वीडियो को नियंत्रित कर सकेंगे। हालांकि, ऑटो-स्क्रॉल से जुड़े कंट्रोल ऐप के अलग-अलग संस्करणों के हिसाब से बदल सकते हैं। इससे वीडियो देखने का अनुभव टीवी पर चलने वाले दूसरे मनोरंजन ऐप जैसा होगा।
मेटा के मुताबिक, एक टीवी ऐप में अधिकतम पांच इंस्टाग्राम अकाउंट जोड़े जा सकेंगे। इससे घर के अलग-अलग सदस्य अपने-अपने अकाउंट से लॉगिन करके पसंद के वीडियो देख सकेंगे। हर सदस्य को अपनी पसंद के हिसाब से कंटेंट देखने का अनुभव मिलेगा। इस तरह एक ही टीवी पर परिवार के कई लोग अपने अकाउंट का इस्तेमाल कर पाएंगे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!