समस्तीपुर में एक लाख रुपये के लेनदेन को लेकर 19 वर्षीय रोहन कुमार की उसके दोस्त सुमन ने साथी पप्पू के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। शव गंगा में फेंका। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोस्ती और भरोसे के रिश्ते का एक लाख रुपये के लेनदेन को लेकर खौफनाक अंत हो गया। समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से पांच दिनों से लापता 19 वर्षीय रोहन कुमार की हत्या कर दी गई। जिस दोस्त से वह अपने बकाया एक लाख रुपये मांगने गया था, उसी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को बेगूसराय के सिमरिया घाट ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अभी तक रोहन का शव बरामद नहीं हुआ है। गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में उसकी तलाश की जा रही है।
मृतक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्था गांव निवासी रोहन कुमार (19) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में इसी गांव का सुमन कुमार और बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के संजात गांव निवासी पप्पू रजक शामिल हैं।
एक लाख रुपये मांगने गया था रोहन, ऑडियो से मिला सुराग परिजनों के अनुसार, रोहन ने अपने दोस्त सुमन कुमार को एक लाख रुपये उधार दिए थे। तीन नवंबर की शाम वह इसी रकम को वापस लेने के लिए सुमन के पास गया था। इसके बाद रोहन घर नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोहन के लापता होने से पहले उसकी सुमन से बातचीत हुई थी। दोनों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी पुलिस को सौंपा गया। इस ऑडियो में एक लाख रुपये के लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिलने के बाद पुलिस ने सुमन से पूछताछ शुरू की।
दोस्त के साथ मिलकर की हत्या, गंगा में फेंका शव पुलिस ने संदेह के आधार पर सुमन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी पप्पू रजक के साथ मिलकर रोहन की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी के अनुसार, तीन नवंबर की रात दोनों ने मिलकर रोहन की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों बेगूसराय के सिमरिया घाट पहुंचे और गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रोहन की बुलेट बाइक को पास के एक पोखर में डाल दिया था, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाए जा सकें। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बाइक बरामद कर ली है। इसके बाद सुमन के सहयोगी पप्पू रजक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शव के टुकड़े किए जाने की भी चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि इस हत्याकांड में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव को सिमरिया घाट ले जाने के दौरान उसके कई टुकड़े किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव बरामद नहीं होने के कारण इस बिंदु पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि शव मिलने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीण एसपी बोले- ऑडियो से मिला अहम सुराग ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन ने बताया कि तीन नवंबर की शाम रोहन कुमार अपने गांव के दोस्त सुमन कुमार के पास एक लाख रुपये बकाया लेने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों की ओर से काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच रोहन और सुमन के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी सुमन कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी पप्पू रजक को भी पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने रोहन की गला घोंटकर हत्या करने और शव को गंगा नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है।
गंगा में गोताखोरों से तलाश जारी, स्पीडी ट्रायल की तैयारी ग्रामीण एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी की निशानदेही पर बेगूसराय के सिमरिया घाट स्थित गंगा नदी में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कराई जा रही है। पुलिस ने रोहन की बुलेट बाइक बरामद कर ली है। मामले में सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!