पंजाब के चर्चित गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की घटना की याद शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या ने ताजा कर दी। जिस तरह मूसेवाला को वाहन में जाते समय घेरकर अत्याधुनिक हथियारों से गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतारा गया, उसी अंदाज में शामली में जिम से लौट रहे अंकित बालियान को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। कई लोगों को दोनों के हत्याकांड में काफी समानता लग रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायर किए, जिनमें कई गोलियां अंकित को लगीं। घटना के बाद पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के साथ हरियाणा कनेक्शन की भी जांच कर रही है। हरियाणवी सिंगर की हत्या के बाद शामली पुलिस ने जिले की सीमाओं की नाकेबंदी कर दी। वहीं कई जिलों में पुलिस अलर्ट पर है।
बुधवार शाम करीब छह बजे अंकित बालियान आर्यपुरी स्थित जिम से एक्सरसाइज करने के बाद अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान चार-पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर वाहनों से आए थे। बदमाशों ने अत्याधुनिक पिस्टलों से अंकित पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर करीब 12 राउंड फायरिंग की गई। इसमें अंकित को चार से पांच गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या ने देशभर में सनसनी फैला दी थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे मूसेवाला अपने चचेरे भाई और पड़ोसी के साथ वाहन से जा रहे थे। जवाहरके गांव के पास दो वाहनों में आए हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में मूसेवाला की मौत हो गई थी। शामली में अंकित बालियान की हत्या का तरीका भी कई मायनों में उसी घटना से मिलता-जुलता नजर आ रहा है। दोनों मामलों में वाहन से जाते समय घेरकर कई राउंड फायरिंग की गई। यही वजह है कि अंकित की हत्या के बाद क्षेत्र में मूसेवाला हत्याकांड की चर्चा होने लगी है।
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इसे बड़े गैंग से जोड़कर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हत्या को लोरेंस विश्नोई गैंस से जोडकर भी देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से किसी गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने घटना को लेकर शहर की सीमाओं को सील कर दिया जिससे की बदमाश दूर न भाग सकें। इसके साथ ही जिले की सीमाओं पर भी पुलिस को अलर्ट किया गया। सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर एवं जनपद सीमा से बाहर जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई। हरियाणा के बिडौली बोर्डर एवं कैराना के बॉर्डर पर पुलिस ने सघन चेकिंग की।
पुलिस अभी इस मामले में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उसकी जांच विभिन्न बिंदुओं पर चल रही है। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है। उससे पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि बदमाशों को रैकी कराने एवं उसकी जानकारी देने में कोई भेदी तो नहीं है। इसके अलावा जिम संचालक से भी जानकारी जुटा रही है। जिम करने वाले लोगों के नाम एवं पते भी पुलिस ने मांगे है। इसके अलावा घटना स्थल एवं जिम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। एसपी का कहना है कि पांच टीमें गठित कर दी गई हैं। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!