राजधानी लखनऊ में कार सवारों की गजब दबंगई देखने को मिली है। बाराबिरवा चौराहे पर रांग साइड कार दौड़ा कर यातायात बाधित कर रहे दबंगों को ट्रैफिक सिपाही ने रोका तो दबंगों ने जमकर अराजकता की। कार से उतरकर सिपाही से पहले धक्का मुक्की की, फिर भरे चौराहे पर उसकी वर्दी फाड़ दी और जमकर पीटा। पुलिसकर्मी पकड़ने दौड़े तो सिपाही को धक्का देकर कार सवार भाग निकले। सिपाही की तहरीर पर कृष्णानगर पुलिस ने सीसी फुटेज के आधार पर तीनों दबंगों को देर रात गिरफ्तार कर लिया।
ट्रैफिक पुलिस लाइन से सिपाही जसवंत यादव रविवार शाम करीब 4:30 बजे बाराबरिवा चौराहे पर यातायात संचालन कर रहे थे। जसवंत के मुताबिक इस बीच गुजरात नंबर की कार बदनाम लड्डू की ओर से एकाएक निकलकर चौराहे से आलमबाग की ओर जा रही थी। कार में तीन युवक सवार थे। रांग साइड कार निकलने से यातायात बाधित होते देख दौड़े और कार चालक को किनारे गाड़ी खड़ी करने को कहा। इस पर कार सवार बाहर निकले और गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर धक्का-मुक्की की। हमला बोल दिया। जमकर पीटा और वर्दी फाड़ दी।
मारपीट होते देख चौराहे पर तैनात अन्य पुलिस कर्मी बचाव में दौड़े तो कार सवारों ने धक्का दिया और भाग निकले। कार सवारों की अराजकता से चौराहे पर काफी देर तक यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही। सिपाही की सूचना पर कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसी फुटेज चेक किए गए। जसवंत ने थाने पहुंचकर कार नंबर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस टीम ने देर रात तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडेय के अनुसार कार सवार रांग साइड थे। सिपाही के रोकने पर उन्होंने अभद्रता की। सिपाही की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ केस कर हमलावरों को चिह्नित कर तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
राजधानी में यह पहला मामला नहीं है जब पुलिस वाले को पीटा गया है। इससे पहले भी कई बार पुलिस वालों की लखनऊ में पिटाई की गई है। 22 मई 2025 को राजाजीपुरम के मुराऊटोला में देर रात डीजे बंद कराने पहुंचे सिपाहियों पर हमला किया गया और लूट का प्रयास हुआ था। 28 मार्च 2025 को नाका थाने के बाहर तीन दबंगों ने दरोगा देवेंद्र सिंह को पीटा था। छह जनवरी 2025 को माल इलाके के धनोरा गांव में दबिश देने पहुंचे दरोगा और सिपाही पर हमला किया गया था। 25 मई 2022 को चारबाग मेट्रो स्टेशन के नीचे महिला सिपाही पूनम पर हमला किया गया और 10 जनवरी 2021 को गुडंबा के भाखामऊ में वारंटी पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दारोगा की पिस्टल लूटने की कोशिश की गई थी।
वहीं, आशियाना इलाके में स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने दो दिन पहले देर रात एक कार का करीब 15 किमी. तक पीछा कर उसके तीन बार टक्कर मारी। कार क्षतिग्रस्त करते हुए दहशत फैलाई। डरे सहमे कार सवार दबंगों से जान बचाकर पूरे रास्ते भागते रहे। पीड़ित ने आशियाना थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूलरूप से आगरा के शाहगंज निवासी संजीव कुमार निर्मल के बेटे आयुष निर्मल के मुताबिक उनका एक प्लॉट आशियाना के सेक्टर एल रेल विहार कॉलोनी में है। पीड़ित के अनुसार 21 अगस्त की रात करीब 12 बजे वह अपने प्लॉट से दोस्त की एंडेवर कार से गोमती नगर विस्तार स्थित यमुना अपार्टमेंट के अपने फ्लैट की ओर जा रहे थे। उनका आरोप है कि रमाबाई पार्क के पास एक काली स्कॉर्पियो ने दाईं ओर से टक्कर मारकर कार का साइड वाला शीशा तोड़ दिया।
उन्होंने रात अधिक होने पर अपनी कार नहीं रोकी और आगे बढ़ गए। आरोप है कि फिर से पीछा करते हुए वही स्कॉर्पियो कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पर डरे सहमे आयुष दोस्त के साथ कार तेजी से आगे बढ़ाते हुए जान बचाकर भागे। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
आरोप है कि नीलमथा अंडरपास से यू टर्न लेकर वापस लौटते समय स्कॉर्पियो सवार दबंग फिर से पीछे पहुंच गए। स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने करीब 15 किमी. तक पीछा किया। रमाबाई पार्क के सामने जेवी लॉन के पास स्कॉर्पियो से दबंगों ने तीसरी बार फिर से कार में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!