छठ महापर्व पर अपने घर लौट रहे एक प्रवासी युवक की अमनौर बाजार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि पटना से सिवान जा रही एक बस के कर्मियों ने युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे रास्ते में ही उतार दिया और बिना किसी चिकित्सकीय सहायता के वहां से चले गए। कुछ देर बाद युवक भारतीय स्टेट बैंक के समीप एक बंद दुकान की ओट में अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमनौर ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सिवान जिले के गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के जलपोरिया गांव निवासी स्व. जमादार महतो के पुत्र मुकेश कुमार महतो (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल पर आ रहे फोन कॉल के जरिए परिजनों से संपर्क किया और उन्हें घटना की जानकारी दी।
कोलकाता से छठ मनाने घर लौट रहा था युवक परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार महतो पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी करते थे। वे छठ पूजा में शामिल होने के लिए कोलकाता से अपने गांव लौट रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी परिजनों से कई बार फोन पर बातचीत भी हुई थी। ऐसे में अचानक उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अमनौर के लिए रवाना हो गए।
नशाखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका स्थानीय लोगों के बीच आशंका जताई जा रही है कि युवक यात्रा के दौरान नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुआ होगा। लोगों के मुताबिक, बस से उतारे जाने के बाद वह एसबीआई के समीप एक बंद दुकान की ओट में बैठा था। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। नशाखुरानी की आशंका की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ये भी पढ़ें- छठ महापर्व का तोहफा: 10 IAS अधिकारियों को मिली प्रोन्नति, सारण समेत नौ जिलों के DM बने अपर सचिव, बढ़ेगी सैलरी
बस कर्मियों की भूमिका पर उठे सवाल घटना के बाद अमनौर बाजार में बस कर्मियों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यात्रा के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ गई थी तो बस कर्मियों का दायित्व था कि वे उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाते या पुलिस को इसकी सूचना देते। लेकिन उसे सड़क किनारे उतारकर चले जाना गंभीर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने बस कर्मियों की भूमिका की जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। छठ जैसे महापर्व पर घर लौट रहे एक प्रवासी की इस तरह हुई मौत ने इलाके के लोगों को झकझोर दिया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!