बेगूसराय जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बखरी अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक सघन जांच अभियान चलाकर दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी रूप में नशीले पदार्थों की बिक्री, उपलब्धता या सेवन को बढ़ावा देने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बखरी एसडीओ सन्नी कुमार सौरव के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, उत्पाद विभाग और औषधि विभाग की संयुक्त टीम अलग-अलग दुकानों और संवेदनशील स्थानों पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों की जांच करने के साथ नशीले पदार्थों की बिक्री से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली और संचालकों को नियमों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया।
दुकानदारों को दो टूक जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ शब्दों में कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा ऐसी किसी सामग्री की उपलब्धता, जिसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता है, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने दुकानदारों को नशे के दुष्प्रभाव और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए अपने प्रतिष्ठानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। प्रशासन का विशेष फोकस युवाओं और किशोरों को सूखे नशे और नशीले पदार्थों की गिरफ्त से बचाने पर है।
अधिकारियों का कहना है कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। खासकर युवाओं को नशे से दूर रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। ये भी पढ़ें- झारखंड: धनबाद में अवैध कोयला खदान धंसी, दो की मौत की सूचना; मलबे में कई के दबे होने की आशंका
सिर्फ बखरी नहीं, जिले के सभी अनुमंडलों में निगरानी नशीले पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान बखरी तक सीमित नहीं है। बेगूसराय, तेघड़ा, बलिया और मंझौल अनुमंडल में भी संयुक्त टीमों को अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। इन टीमों में एसडीओ, एसडीपीओ, उत्पाद विभाग और औषधि विभाग के अधिकारी शामिल हैं। टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर जांच कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सूचना मिलते ही होगी जांच डीएम रिची पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले में कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन या अवैध कारोबार की सूचना मिलती है तो उसकी तत्काल जांच की जाए। सूचना सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!