उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि विधानसभा चुनावों में टिकट बंटवारे में पार्टी जेन जी का ध्यान रखेगी और जो युवा प्रोटेंशियल होंगे, उन्हें टिकट दी जाएगी। गुरुवार को मथुरा आये अजय राय ने फोन पर हुई वार्ता में हिन्दुस्तान को बताया कि जेन जी के लिए कांग्रेस ही लड़ रही है। दिल्ली में हुए जेन जी के आंदोलन में पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ। पैलेट गन का शिकार हुए युवा की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की जा रही थी। राहुल गांधी इसके लिए धरने पर बैठे और तब जाकर रिपोर्ट दर्ज की गई। अजय राय ने कहा कि जहां भी अत्याचार हो रहा है, कांग्रेस वहां खड़ी होती है और अत्याचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री कैसे चल रही थी, सब जानते हैं। वहां से पैसा वसूला जा रहा था। इस फैक्ट्री में धमाका होने से 13 लोगों की मौत हो गई। इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
एक सवाल के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनावों में किसी दल से मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा या नहीं, इस बारे में केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत हुई है। वह सड़क पर उतरकर अन्याय के खिलाफ लड़ रही है। लोग भी समझ रहे हैं कि कांग्रेस ही सही पार्टी है। पार्टी अपने दम पर लड़ रही है। चुनाव कैसे लड़ने हैं, यह केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि वृंदावन में बांके बिहारी कॉरिडोर के नाम पर विनाश किया जा रहा है। लोगों को उजाड़ा जा रहा है। कांग्रेस इसका विरोध करती है। राय ने कहा कि कॉरिडोर के नाम पर सरकार तहस-नहस करेगी, जैसा कि काशी में किया। सरकार को लोगों को उजाड़ना नहीं चाहिये। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के लिए जो रजिस्ट्री हुई हैं, उसके लिए पैसा बांके बिहारी के खजाने से दिया गया है। यह गलत है।
अजय राय ने कहा कि यमुना की सफाई के लंबे चौड़े वादे भाजपा करती आरही है लेकिन यमुना आज तक साफ नहीं हुई है। यमुना में गंदगी लोगों की भावनाओं को आहत कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि आज उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है, दिल्ली में भाजपा की सरकार है, हरियाणा में भाजपा की सरकार है, केंद्र में भाजपा की सरकार है, फिर यमुना मैली क्यों है? यमुना साफ क्यों नहीं हो सकी? उन्होंने कहा कि क्या यही विकास है कि जरा सी बारिश में मथुरा डूब जाता है। हर ओर जल भराव हो जाता है। इस समस्या का समाधान आज तक क्यों नहीं हो पाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सरकार फेल हैं। अपराध बढ़ रहे हैं। आये दिन हत्या हो रही हैं। सरकार अपराध पर नियंत्रण नहीं कर पा रही। जीडीपी को लेकर झूठ बोला जा रहा है। प्रधानमंत्री कुछ और कह रहे हैं और उनके सचिव कुछ और कह रहे हैं। वार्ता के दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर मौजूद रहे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!