सीवान में एसटीएफ और जीबी नगर थाना पुलिस ने ठेकेदार से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में असगर मस्तान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ चार गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जीबी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपित असगर मस्तान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे जीबी नगर थाना क्षेत्र के रौजा गौर गांव स्थित उसके घर से पकड़ा। उस पर महाराजगंज थाना क्षेत्र के जिगरहवा गांव निवासी ठेकेदार मुकेश पांडेय से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और राशि नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप है। रंगदारी का मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
पूछताछ के बाद भेजा गया जेल गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार की मौजूदगी में असगर मस्तान से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने ठेकेदार से रंगदारी मांगने के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
चार गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, असगर मस्तान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जीबी नगर थाने में पहले से चार गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, छेड़खानी, दुष्कर्म, नशीली दवा अधिनियम और अवैध हथियार रखने जैसी संगीन धाराएं शामिल हैं। वह इन मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
65 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामदगी का दावा इससे पहले शंकर सोनी उर्फ जरलहवा हत्याकांड की जांच के दौरान तत्कालीन सीवान सदर एसडीपीओ कांतेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की थी। कई थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की थी। पुलिस के अनुसार, उस दौरान मौके से करीब 65 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, अवैध हथियार और नशीली दवाएं बरामद की गई थीं। पुलिस ने वहां से कई महिलाओं को भी मुक्त कराने का दावा किया था। हालांकि, छापेमारी के दौरान असगर मस्तान पुलिस को चकमा देकर नेपाल भाग गया था।
झाड़-फूंक के नाम पर ठगी का आरोप पुलिस जांच के अनुसार, असगर मस्तान खुद को तांत्रिक बताकर झाड़-फूंक का काम करता था। आरोप है कि वह तांत्रिक गतिविधियों की आड़ में लोगों को अपना शिकार बनाकर ठगी करता था। उसकी इन गतिविधियों पर पुलिस लंबे समय से नजर रख रही थी। महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार ने बताया कि रंगदारी मांगने के मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!