इमेज स्रोत, Hindustan Times / AFP via Getty Images
लीजिए, साल का वह वक़्त आ गया है, जब लाहौर और दिल्ली के बीच रोज़ाना मुक़ाबला होता है कि किस तरफ़ की हवा ज़्यादा ज़हरीली है.
सर्दियों के साथ स्मॉग आता है, हवा में ज़हर घुल जाता है और सांस लेना मुश्किल हो जाता है. वैज्ञानिकों ने इसे मापने के लिए एक इंडेक्स भी बनाया है.
इसके मुताबिक, अगर यह 50 तक पहुंच जाए तो सेहत के लिए ख़तरा पैदा हो जाता है. लाहौर और दिल्ली में यह आंकड़ा 300 से 350 तक पहुंच चुका है.
दोनों शहरों के लोगों को अपने शहरों पर बहुत गर्व है और होना भी चाहिए. यहां मुग़ल बादशाहों के बनवाए क़िले, मस्जिदें और बाग़-बगीचे हैं.
कई ऐतिहासिक इमारतें और स्मारक भी हैं. बस, साल के क़रीब तीन महीने ऐसे होते हैं, जब सांस लेना मुश्किल हो जाता है.
इमेज स्रोत, Mohammed Hanif
पाकिस्तान में लोग कह देते हैं कि यह ज़हरीली हवा भारत की तरफ़ से आई है. उधर भी शायद यही कहते होंगे. हमारी सरहदें बंद हैं. वहां बिजली के तारों वाली बाड़ लगी है.
अगर वहां से कोई कबूतर भी उड़कर उधर चला जाए तो हम कहते हैं कि यह इंटेलिजेंस की नाकामी है. लेकिन हवा को न तो पासपोर्ट की ज़रूरत है और न ही वीज़ा की.
लाहौर और दिल्ली के लोगों के बीच कोई और चीज़ साझा हो या न हो, हवा में घुला यह ज़हर हम सबका साझा है. दुनिया के सबसे ज़हरीली हवा वाले शहरों की सूची देखें तो टॉप टेन में आपको अपने ही शहर नज़र आएंगे.
दिल्ली और लाहौर आम तौर पर पहले या दूसरे नंबर पर होते हैं. लेकिन हाल ही में दिल्ली बाज़ी मार गया. कोलकाता दूसरे नंबर पर है, ढाका तीसरे और लाहौर चौथे नंबर पर है. वहीं मुंबई का नाम पांचवें नंबर पर है.
एक दिन देखा तो मुल्तान इस सूची में सभी शहरों से आगे था. हम पूरी ज़िंदगी यही सुनते आए हैं कि मुल्तान बाग़-बगीचों का शहर है. वहां की हवा तो साफ़ होनी चाहिए थी.
चीन का एक बड़ा औद्योगिक शहर है, जिसका नाम चेंगदू है. वह भी टॉप टेन में शामिल था. लेकिन वह पाकिस्तान के शहर गुजरांवाला से नीचे था. भारत के हिसार शहर का नाम मैंने सिर्फ़ सुना था. पता नहीं वहां क्या हुआ है कि वह भी दुनिया के सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया है.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
दिल्ली और लाहौर वाकई बड़े शहर हैं. कई बादशाहों ने इन पर हमले करके इन्हें उजाड़ा. कई बादशाहों ने यहां राज करके इन्हें फिर से बसाया. लेकिन ये शहर सदियों से आबाद हैं.
लेकिन अब हवा में जितना ज़हर घुल चुका है, उसमें सांस लेते हुए हमारी और कितनी पीढ़ियां यहां रह पाएंगी और कितनी इन शहरों को छोड़कर चली जाएंगी?
लेकिन छोड़कर जाएंगी भी तो कहां? मुल्तान और हिसार का हाल तो हम आपको पहले ही बता चुके हैं.
लेकिन जब तक हमारी गाड़ी की टंकी में पेट्रोल भरा है, हम इस ज़हर को सांसों में भरते रहेंगे और बाहर भी छोड़ते रहेंगे.
इमेज स्रोत, Hindustan Times via Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
पानी को हम प्लास्टिक की बोतलों में बंद करके पहले से ही मिनरल वॉटर के नाम पर बेच रहे थे. एयर कंडीशनर का रिमोट हाथ में लेकर हम कुदरत के मौसम को भी अपने हिसाब से नियंत्रित करते रहते हैं. अब जो लोग ख़र्च उठा सकते हैं, वे एयर प्यूरिफ़ायर की तलाश में हैं.
लेकिन हवा में घुले इस साझा ज़हर का क्या करना है, यह कोई नहीं बताता. बस, इतना कह देते हैं कि यह ज़हर सीमा के उस पार से आया है. हवा को सीमाओं पर रोकने वाली कोई तकनीक भी अभी तक हमारे पास नहीं है.
मैंने आठवीं क्लास में पढ़ने वाले एक लड़के से पूछा कि बड़े होकर क्या करोगे? उसने कहा कि आप लोग तो सब कुछ कर चुके हैं.
अगर हम बड़े हो भी गए तो किसी डेटा सेंटर में नौकरी करेंगे और वहां से जो कमाई होगी, उससे सांस लेने के लिए ऑक्सीजन ख़रीदेंगे.
(नोट: ये लेखक के निजी विचार हैं)
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!