दीपावली की रौनक अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई है कि बिहार में आस्था के नए रंग दिखने लगे हैं। कहीं भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति का उत्साह है तो कहीं भगवान चित्रगुप्त की पूजा के लिए कलम और दवात सजाई जा रही हैं। दूसरी ओर, घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है और लोग लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों में जुट गए हैं।
इस बार गोवर्धन पूजा और चित्रगुप्त पूजा की तारीख को लेकर पंचांग की गणना और स्थानीय परंपराओं के बीच चर्चा है। आचार्यों और मंदिर के पुजारियों के मुताबिक, गोवर्धन पूजा और चित्रगुप्त पूजा की तिथियों को लेकर अलग-अलग मान्यताएं सामने आ रही हैं। वहीं, बिहार सरकार ने चित्रगुप्त पूजा के लिए 11 नवंबर को अवकाश घोषित किया है।
गोवर्धन पूजा में कान्हा की भक्ति, अन्नकूट का लगेगा भोग गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को तोड़ने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर उठा लिया था। तभी से इस दिन गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है। भगवान श्रीकृष्ण के साथ गौ माता की पूजा होती है और अन्नकूट का भोग लगाया जाता है।
आचार्य उदय पंडित बताते हैं कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12:31 बजे शुरू हो रही है, जो 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। तिथि की गणना और उदया तिथि को लेकर पूजा के दिन के निर्धारण पर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।
चित्रगुप्त पूजा में कलम-दवात की आराधना, 11 नवंबर को होगी पूजा चित्रगुप्त पूजा कायस्थ समाज के लिए बेहद खास पर्व है। इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाती है, जिन्हें मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। इस पूजा में कलम, दवात, कॉपी और बही-खातों का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त की आराधना से ज्ञान, बुद्धि और अच्छे कर्मों का आशीर्वाद मिलता है।
आचार्य उदय पंडित बताते हैं कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर से शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे तक रहेगी। वहीं, चित्रगुप्त मंदिर के पुजारी प्रमोद पंडित का कहना है कि बिहार में कायस्थ समाज के लोग इस बार 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा करेंगे। उनका मानना है कि उदया तिथि और पूजा की परंपरा के अनुसार इस दिन आराधना करना शुभ रहेगा। मंदिर में भी 11 नवंबर को पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।
कलम और दवात की पूजा से मिलती है ज्ञान और अच्छे कर्मों की प्रेरणा चित्रांश समाज के डॉक्टर रवि कुमार सिन्हा बताते हैं कि इस बार वे लोग 11 नवंबर को ही भगवान चित्रगुप्त की पूजा करेंगे। इसके लिए घरों में विशेष तैयारियां चल रही हैं। पूजा में कलम और दवात का खास महत्व है। भगवान चित्रगुप्त को कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। इसलिए इस दिन लोग अपनी कलम और लेखन सामग्री की पूजा करते हैं। धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में भी भगवान चित्रगुप्त की महिमा का उल्लेख मिलता है। यह पूजा सिर्फ एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि ज्ञान, लेखन और अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती है।
छठी मइया के गीतों से गूंजने लगे घर, बाजारों में बढ़ी रौनक गोवर्धन और चित्रगुप्त पूजा के बीच अब लोगों का ध्यान छठ महापर्व की ओर भी बढ़ने लगा है। घरों में छठ के पारंपरिक गीत बजने लगे हैं। महिलाएं छठी मइया के गीतों के साथ पर्व की तैयारियों में जुट गई हैं। कोई घर की साफ-सफाई कर रहा है तो कोई पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, दउरा, नारियल, फल और अन्य सामग्री की खरीदारी की तैयारी कर रहा है।
छठ बिहार की ऐसी लोक परंपरा है, जिसमें आस्था के साथ परिवार, प्रकृति और सामाजिक एकता का भाव भी जुड़ा है। इस पर्व में डूबते और उगते सूर्य, दोनों को अर्घ्य देकर जीवन में प्रकाश, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। यही वजह है कि छठ शुरू होने से कई दिन पहले ही इसकी तैयारियों और गीतों का माहौल बनने लगता है। ये भी पढ़ें- बिहार: सरकारी स्कूलों में बनेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, ACS ने दिया निर्देश; किस योजना से होगा भवनों का निर्माण?
13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा छठ, 16 को उगते सूर्य को अर्घ्य इस साल छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ इसकी शुरुआत होगी। 14 नवंबर को व्रती खरना करेंगे। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
दीपावली के बाद अब बिहार में आस्था का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। कहीं कान्हा की भक्ति है, कहीं भगवान चित्रगुप्त की आराधना तो कहीं छठी मइया के गीतों की मिठास। इन पर्वों के जरिए एक बार फिर बिहार की लोक संस्कृति, पारिवारिक परंपरा और धार्मिक आस्था की खूबसूरत तस्वीर दिखाई देने लगी है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!