बिहार में सत्ताधारी गठबंधन के घटक दल जदयू की ओर से राज्यभर में सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान जंगलराज से सुशासन तक के सफर की चर्चा हो रही है। इसी क्रम में सोमवार को औरंगाबाद के सम्राट अशोक भवन में भी सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसी कार्यक्रम में संगठन के प्रभारी की मौजूदगी में ही जदयू कार्यकर्ता मंच पर आपस में भिड़ गए। मंच पर जमकर हंगामा हुआ। नौबत कार्यक्रम रोकने तक आ पहुंची, लेकिन किसी तरह कार्यक्रम को अंतिम मुकाम तक पहुंचाया गया।
वजह हैरान करने वाली मंच पर कार्यकर्ताओं के भिड़ने की हैरान करने वाली वजह सामने आई है। दरअसल, मंच से भाषण दे रहे कई वक्ता अपने संबोधन में पार्टी के जिले के बड़े नेताओं का नाम ले रहे थे, लेकिन कुछ पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं का नाम नहीं ले रहे थे। जिन नेताओं का संबोधन में नाम नहीं लिया जा रहा था, उन्होंने इसे अपनी तौहीन माना।
बर्दाश्त की सीमा पार होते ही मंच पर चढ़ गए नाम नहीं लिए जाने वाले नेता आखिर बर्दाश्त करने की भी एक सीमा होती है। कार्यक्रम में जिन नेताओं का नाम नहीं लिया जा रहा था, वे अंदर ही अंदर नाराज होते रहे। लेकिन कब तक बर्दाश्त करते? आखिरकार, सब्र का बांध टूटते ही वे खुद को रोक नहीं सके। गुस्से में मंच पर चढ़ गए और जमकर अपनी भड़ास निकाली।
युवा जदयू जिलाध्यक्ष समेत ये कार्यकर्ता शामिल मंच पर चढ़कर नाम नहीं लिए जाने पर नाराजगी जताने और हंगामा करने वालों में युवा जदयू के जिलाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ राजा बाबू, जदयू खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार, बारुण के जदयू नेता संजीत कुमार सिंह, जनकोप पंचायत के पूर्व मुखिया नागेंद्र सिंह और उनके समर्थक शामिल थे।
इन नेताओं ने मंच पर चढ़कर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि नेताओं ने बारुण-नवीनगर क्षेत्र के नेताओं की उपेक्षा की है। हम समर्पण भाव से पार्टी का झंडा उठाते हैं और पार्टी का काम करते हैं। इसके बदले हमारी उपेक्षा करना हमारी बेइज्जती है। यह मनमानी और तानाशाही है। ऐसी मनमानी और तानाशाही नहीं चलेगी। दरअसल, कार्यक्रम में हंगामा करने वाले युवा जदयू जिलाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ राजा बाबू पहले भी नवीनगर के जदयू विधायक चेतन आनंद के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। उन्होंने विधायक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। इसकी जानकारी उन्होंने बाकायदा प्रेसवार्ता कर दी थी। हालांकि, कतिपय कारणों से पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी।
कार्यक्रम के पोस्टर से भी गायब दिखे जदयू के दोनों उपमुख्यमंत्री कार्यक्रम में मंच पर लगे पोस्टर से सरकार में जदयू कोटे के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव की तस्वीरें भी गायब दिखीं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे दोनों नेताओं की तस्वीरें पोस्टर से गायब होने को पार्टी के अंदरूनी मतभेद और आपसी खींचतान का संकेत भी माना जा रहा है।
इससे पहले पार्टी के प्रवक्ता की ओर से इंटरनेट मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में ललन सिंह की तस्वीर भी गायब थी। हालांकि, बाद में उसमें उनकी तस्वीर जोड़ दी गई। लेकिन दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीरें पूरे कार्यक्रम के दौरान पोस्टर से नदारद रहीं। इतना ही नहीं, रफीगंज के विधायक प्रमोद सिंह की ओर से लगाए गए पोस्टर में भी दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीरें नहीं दिखीं।
हंगामा करते युवा जदयू जिलाध्यक्ष व अन्य और पोस्टर से गायब जदयू के दोनो डिप्टी सीएम
हंगामा करते युवा जदयू जिलाध्यक्ष व अन्य और पोस्टर से गायब जदयू के दोनो डिप्टी सीएम
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!