आईफोन को अक्सर सुरक्षित स्मार्टफोन माना जाता है, लेकिन अब इसकी सुरक्षा को लेकर एक नई चेतावनी सामने आई है। टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव ने कहा है कि पुराने iOS वर्जन इस्तेमाल करने वाले आईफोन यूजर्स हैकिंग के खतरे में हो सकते हैं। चिंता की बात यह है कि कुछ साइबर हमलों में यूजर को किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या फाइल डाउनलोड करने की भी जरूरत नहीं पड़ती। सिर्फ वेबसाइट खोलना काफी हो सकता है।
टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आईफोन यूजर्स के लिए चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि जिन लोगों के फोन में iOS का पुराना वर्जन चल रहा है, उनका निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है। डुरोव के मुताबिक, साइबर हमलावर डिवाइस में मौजूद सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर जानकारी चुरा सकते हैं। ऐसे हमलों में यूजर को किसी अनजान एप को डाउनलोड करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने की जरूरत भी नहीं पड़ सकती। कुछ परिस्थितियों में संक्रमित वेबसाइट पर जाना ही हमले की शुरुआत बन सकता है।
डुरोव की चेतावनी के बाद टेलीग्राम ने भी पुराने iOS सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को एप के भीतर सुरक्षा अलर्ट भेजना शुरू किया है। हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया है कि आईओएस के कौन-कौन से वर्जन इस खतरे की चपेट में हैं। डुरोव ने न तो किसी खास सुरक्षा खामी का नाम बताया है और न ही यह जानकारी दी है कि कितने यूजर्स को निशाना बनाया गया है। वहीं एपल की ओर से अपडेटेड सॉफ्टवेयर वाले आईफोन पर किसी नए बड़े साइबर हमले की पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए इस चेतावनी को गंभीरता से लेना जरूरी है, लेकिन इसे सभी आईफोन यूजर्स पर हुए हमले का प्रमाण नहीं है।
अगर आप आईफोन इस्तेमाल करते हैं तो उसकी सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी कदम उठा सकते हैं। सबसे पहले फोन में उपलब्ध सॉफ्टवेयर अपडेट की जांच करें। इसके लिए इन स्टेप्स को अपनाएं
यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब हाल ही में कई लोकप्रिय वेबसाइटों पर संदिग्ध कोड के जरिए हमला किए जाने की खबर सामने आई थी। 17 नवंबर को हमलावरों ने Optimizely प्लेटफॉर्म के माध्यम से करीब 178 वेबसाइटों में नुकसान पहुंचाने वाला जावास्क्रिप्ट कोड डाल दिया था। इन वेबसाइटों में जूम, एचएसबीसी, सीएनएन, सेल्सफोर्स और आइकिया जैसी कंपनियों से जुड़ी साइटें भी शामिल थीं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस कोड के जरिए भुगतान से जुड़ी जानकारी, कुकीज और स्क्रीनशॉट चुराने की कोशिश की गई थी। इसमें एपल डिवाइस को निशाना बनाने वाले एक्सप्लॉइट कोड पहुंचाने का प्रयास भी शामिल था। Optimizely ने सुरक्षा खामी की पुष्टि करते हुए कहा था कि उसे ठीक कर दिया गया है और नुकसान पहुंचाने वाला कोड हटा दिया गया है। एपल ने रॉयटर्स को बताया था कि इस घटना में निशाना बनाई गई सुरक्षा खामियां पिछले साल ही ठीक की जा चुकी थीं। हालांकि इस घटना और डुरोव की ताजा चेतावनी के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
एपल का नवीनतम सार्वजनिक अपडेट iOS 27.2.1 है, जिसे 9 नवंबर को जारी किया गया था। पुराने आईफोन मॉडल को उनकी अनुकूलता के अनुसार अलग सुरक्षा अपडेट मिल सकते हैं। इसलिए अपने डिवाइस के लिए उपलब्ध अपडेट जरूर जांचें। ध्यान रखें कि सिर्फ अपडेट करना ही नहीं, बल्कि फोन को नियमित रूप से अपडेट रखना भी जरूरी है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!