पूर्णिया पुलिस ने मानव तस्करी और अवैध देह व्यापार के खिलाफ बड़ी और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची को देह व्यापार के दलदल से सकुशल मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना की जानकारी देते हुए डीएसपी (विशेष अपराध) शिवानी श्रेष्ठ ने बताया कि मरंगा थाना क्षेत्र स्थित हरदा रेड लाइट एरिया में अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची को बंधक बनाकर उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। इसमें डीएसपी (विशेष अपराध), महिला थाना, मानव व्यापार निरोध इकाई और मरंगा थाना की पुलिस शामिल थी। गठित टीम ने तत्काल चिह्नित स्थान पर छापेमारी की। मौके से तीन पुरुष और एक महिला आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। साथ ही घटनास्थल से कंडोम के कई नए और इस्तेमाल किए गए पैकेट बरामद किए गए।
पहले छापेमारी स्थल पर पकड़ी गई महिला से नाबालिग बच्ची के बारे में पूछताछ की गई। इस दौरान उसने खुलासा किया कि बच्ची को हरदा से हटाकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक अन्य ठिकाने पर भेज दिया गया है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने मुफस्सिल थाना पुलिस के सहयोग से नए ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई छापेमारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी भागने लगे। इसी दौरान बाइक से भागने की कोशिश कर रहे एक पुरुष और एक महिला को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। वहीं, मौके से भाग रही एक बच्ची को भी पुलिस ने सुरक्षा में ले लिया। बच्ची के नाम-पते और उपलब्ध तस्वीर का मिलान करने पर स्पष्ट हुआ कि वह अरुणाचल प्रदेश की वही लापता नाबालिग है।
बरामद नाबालिग बच्ची ने पूछताछ में अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि मोबाइल फोन नहीं दिलाने के कारण वह अपनी मां से नाराज होकर घर छोड़कर निकल गई थी और सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। सिलीगुड़ी में एक महिला ने उसे ब्यूटी पार्लर में काम दिलाने का झांसा दिया और अपने साथ ले आई। इसके बाद आरोपियों ने उसे पूर्णिया लाकर आफताब खान उर्फ अंकित तिवारी के हाथों बेच दिया। वहां उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कराए हैं। मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बड़हरा कोठी और अन्य क्षेत्रों में मामले में संलिप्त शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
मानव तस्करी का खुलासा: पूर्णिया में नाबालिग को बंधक बनाकर कराया जा रहा था देह व्यापार
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!