मिट्टी की घटती सेहत, उर्वरकों का असंतुलित इस्तेमाल और कीटनाशकों के अवशेष आज भारतीय कृषि के सामने बड़ी चुनौतियाँ हैं। किसानों पर उत्पादन बढ़ाने का दबाव है, साथ ही लागत, मिट्टी की गुणवत्ता और उपज की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। इस विषय पर 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' में विशेषज्ञों ने चर्चा की।
फर्टिलाइजर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के डॉ. एसके चौधरी, एग्रीकल्चर सॉल्यूशन, एमएएल के अध्यक्ष महेश गिरधर, यूपीएल के ग्लोबल रेगुलेटरी प्रमुख रवि हेगड़े और सीआईपी के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने अपने विचार साझा किये।
डॉ. चौधरी ने बताया कि उर्वरक स्वयं में मिट्टी के लिए हानिकारक नहीं हैं, बल्कि उनका असंतुलित उपयोग समस्या का मूल कारण है। मिट्टी की जांच, फसल की जरूरत के अनुसार पोषण और कीटनाशकों का सही मात्रा में इस्तेमाल करके खेती को अधिक उत्पादक और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
संतुलित पोषण मिलने पर मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बनी रहती है और फसल की पैदावार व गुणवत्ता बेहतर होती है। समस्या तब उत्पन्न होती है जब किसान एक पोषक तत्व का अत्यधिक उपयोग करते हैं और दूसरे की उपेक्षा करते हैं। इसलिए उर्वरकों को दोष देने के बजाय उनके सही अनुपात और उपयोग पर ध्यान देना ज़रूरी है।
डॉ. चौधरी ने यूरिया की कम कीमत और सब्सिडी को असंतुलित उपयोग का कारण बताया। यूरिया को 5.5 रुपये/किलो की दर से मिलता है, जिससे किसान इसे अधिक प्रयोग करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यूरिया को पोषक तत्व आधारित सब्सिडी व्यवस्था में शामिल किया जाए और नए उर्वरक, जैव उर्वरक, बायोस्टिमुलेंट्स, पानी में घुलनशील और नैनो उर्वरकों के समेकित उपयोग से खाद की बर्बादी घटाई जा सकती है।
महेश गिरधर ने सही खाद चयन, सही मात्रा, सही समय और सही जगह पर उपयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने इसे मानव पोषण से तुलना करते हुए समझाया कि जैसे शरीर को संतुलित भोजन चाहिए, वैसे ही मिट्टी और फसल को भी संतुलित पोषण चाहिए। एक पोषक तत्व की अधिकता और दूसरे की कमी से फसल की सेहत और उत्पादन प्रभावित होता है।
गिरधर ने बताया कि खाद उपयोग से पहले मिट्टी की जांच अनिवार्य है। मिट्टी में पोषक तत्व, जैविक कार्बन, पीएच और इलेक्ट्रिकल कंडक्टिविटी जानकर ही खाद का शेड्यूल बनाना चाहिए। उन्होंने जैविक सूक्ष्मजीवों के प्रयोग से फसल की पैदावार में 10–20% बढ़ोतरी के उदाहरण भी दिए।
डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि भारत चावल और आलू के उत्पादन में विश्व स्तर पर महत्वपूर्ण स्थान रखता है, पर अब चुनौती अधिक उत्पादन नहीं बल्कि कम संसाधनों में बेहतर गुणवत्ता वाला उत्पादन है। धान में नाइट्रोजन उपयोग दक्षता लगभग 30% है, इसलिए संतुलित उर्वरक प्रबंधन आवश्यक है।
सिंह ने यूरिया ब्रिकेट को गहराई तक डालने की तकनीक से नाइट्रोजन उपयोग दक्षता 60–70% तक बढ़ाने की संभावना बताई। इससे खाद की खपत घटेगी और पैदावार बढ़ेगी। उन्होंने आलू में नाइट्रोजन उपयोग को सीमित करने और पोटाश संतुलन बढ़ाने की सलाह दी, साथ ही गुणवत्ता वाली किस्में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
रवि हेगड़े ने कीटनाशक उपयोग को लेबल के अनुसार करने पर जोर दिया और नकली उत्पादों की समस्या को उजागर किया। उन्होंने कहा कि कीटनाशक का सही समय पर सही मात्रा में छिड़काव करना ज़रूरी है, जैसे डॉक्टर के निर्देशानुसार दवा लेना। नकली उत्पादों से अवशेष बढ़ सकते हैं, इसलिए सरकार और उद्योग को मिलकर सख्त नियम लागू करने की जरूरत है।
विशेषज्ञों ने एकमत से माना कि भारतीय खेती के सामने केवल उत्पादन बढ़ाने की चुनौती नहीं है। मिट्टी की सेहत, खाद और कीटनाशक का सही उपयोग, फसल की गुणवत्ता सुधार और लागत घटाने के लिए वैज्ञानिक सोच अपनानी होगी। संतुलित पोषण और वैज्ञानिक खेती से मिट्टी की सेहत सुधरकर किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!