खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लियोनल मेसी ने अपने 21 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लगा दिया है। 39 वर्षीय मेसी ने 207 मैचों में 125 गोल के साथ अलविदा कहा। उनका आखिरी मुकाबला 2026 विश्वकप फाइनल था, जहां अर्जेंटीना को स्पेन के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, यह मेसी के फुटबॉल से संन्यास का एलान नहीं है; वह क्लब स्तर पर खेलना जारी रखेंगे।
रोनाल्डो का भी करियर अंतिम पड़ाव पर रोनाल्डो ने भले ही संन्यास का एलान न किया हो, लेकिन वह बोल चुके हैं यह फुटबॉल में उनका आखिरी सीजन हो सकता है। स्पेन के हाथों क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर होने के वक्त जिस तरह रोनाल्डो ने फैंस का अभिवादन स्वीकारा था, उससे लगता है कि वह अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। हालांकि, यह अभी बस अटकलें हैं।
207 मैच, 125 गोल... लेकिन रोनाल्डो से गोल में पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल गोल की बात करें तो रोनाल्डो स्पष्ट रूप से आगे हैं। पुर्तगाल के लिए उन्होंने 233 मैचों में 146 गोल किए हैं, जबकि मेसी ने 207 मैचों में 125 गोल किए। यानी रोनाल्डो के नाम मेसी से 21 गोल ज्यादा हैं, लेकिन असिस्ट के मामले में तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। मेसी ने रोनाल्डो से 28 कम मैच खेले, लेकिन असिस्ट में वह 65-37 से काफी आगे हैं। यानी सिर्फ गोल करने की भूमिका नहीं, बल्कि साथियों को गोल कराने और टीम के आक्रमण को आगे बढ़ाने में भी मेसी का प्रभाव ज्यादा दिखाई देता है। मेसी vs रोनाल्डो: ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय आंकड़े
गोल योगदान में मेसी की बड़ी बढ़त गोल और असिस्ट को मिलाकर देखें तो मेसी हर 90.1 मिनट में एक गोल दागते हैं या गोल योगदान का हिस्सा रहते हैं, जबकि रोनाल्डो को एक गोल या असिस्ट के लिए 101.4 मिनट लगते हैं। यानी कुल गोलों में रोनाल्डो आगे होने के बावजूद गोल योगदान की क्षमता में मेसी आगे हैं। हालांकि, अगर गोल को अगर अलग कर दें तो रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में हर 127.1 मिनट पर गोल दागते हैं, जबकि मेसी हर 136.9 मिनट पर एक गोल दागते हैं। पेनल्टी में मेसी का रिकॉर्ड बेहतर पेनल्टी को लेकर भी दोनों सितारों के आंकड़े दिलचस्प हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मेसी ने 32 पेनल्टी में से 25 को गोल में बदला, जबकि रोनाल्डो ने 33 में से 23 पेनल्टी पर गोल किए। इस हिसाब से मेसी की पेनल्टी कन्वर्जन दर 78.1 प्रतिशत है, जबकि रोनाल्डो की 69.7 प्रतिशत। यानी पेनल्टी को गोल में बदलने के मामले में मेसी आगे हैं। यहां पेनल्टी शूटआउट को आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है।
फ्री किक में भी मेसी का पलड़ा भारी फ्री किक को लंबे समय से मेसी की खासियत माना जाता रहा है और आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में मेसी ने फ्री किक से 12 गोल किए हैं, जबकि रोनाल्डो के नाम 11 गोल हैं। मेसी ने ज्यादा फ्री किक प्रयास भी किए हैं और उनसे गोल भी ज्यादा किए हैं।
बाएं पैर से मेसी का दबदबा, दाएं पैर और हेडर में रोनाल्डो आगे दोनों खिलाड़ियों की गोल करने की शैली में सबसे बड़ा अंतर उनके पसंदीदा पैर और हेडिंग में दिखाई देता है। मेसी के 125 अंतरराष्ट्रीय गोलों में 111 गोल बाएं पैर से आए हैं। दूसरी ओर, रोनाल्डो ने दाएं पैर से 85 गोल किए हैं। यहां मेसी का बायां पैर उनकी सबसे बड़ी ताकत नजर आता है, जबकि रोनाल्डो की बहुमुखी फिनिशिंग खास तौर पर दाएं पैर और हेडर में दिखाई देती है। गोल के प्रकार वाली श्रेणियां अलग-अलग परिस्थितियों को दर्शाती हैं और इनमें कुछ वर्ग ओवरलैप कर सकते हैं, इसलिए इन्हें जोड़कर कुल 125 या 146 गोल निकालना उचित नहीं होगा।
ड्रिबलिंग और क्रिएटिविटी में मेसी बहुत आगे अगर बात सिर्फ गोल की नहीं, बल्कि खेल बनाने की हो तो मेसी का पलड़ा और भारी हो जाता है। उपलब्ध प्रदर्शन आंकड़ों में मेसी ने 477 शॉट लिए, जिनमें 199 निशाने पर रहे। रोनाल्डो ने 643 शॉट लिए और 248 शॉट टारगेट पर रहे, लेकिन सफल ड्रिबल और की-पास में मेसी की बढ़त काफी बड़ी है। यानी रोनाल्डो ज्यादा शॉट लेते और ज्यादा हवाई मुकाबले जीतते हैं, जबकि मेसी की ताकत गेंद पर नियंत्रण, ड्रिबलिंग, मौके बनाने और खेल की दिशा बदलने में ज्यादा दिखाई देती है। मेसी के 438 सफल ड्रिबल्स, रोनाल्डो के 142 से तीन गुना से भी ज्यादा हैं। इसी तरह की-पास में भी मेसी 294-154 से आगे हैं।
बड़े मुकाबलों में मेसी का प्रभाव और भी बड़ा दोनों खिलाड़ियों की तुलना सिर्फ कुल अंतरराष्ट्रीय मैचों से करना पूरी तस्वीर नहीं दिखाता। बड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में मेसी के आंकड़े विशेष रूप से मजबूत हैं। यहां अंतर काफी बड़ा है। मेसी ने प्रमुख टूर्नामेंट के नॉकआउट चरणों में रोनाल्डो से ज्यादा मैच खेले ही हैं, साथ ही गोल और असिस्ट दोनों में भारी बढ़त बनाई है। मिनट प्रति गोल में भी मेसी 264 बनाम 501 से आगे हैं। वहीं गोल योगदान के मामले में मेसी का आंकड़ा 98 मिनट है, जबकि रोनाल्डो को 334 मिनट लगते हैं।
विश्व कप क्वालिफायर में रोनाल्डो की बढ़त विश्व कप क्वालिफायर की बात करें तो यहां तस्वीर बदल जाती है। रोनाल्डो गोल और प्रति मिनट गोल योगदान में मेसी से आगे हैं। सिर्फ 52 मैचों में रोनाल्डो ने 41 गोल किए हैं। मेसी ने ज्यादा मैच खेलकर 36 गोल किए। यानी विश्व कप क्वालिफायर में रोनाल्डो की गोल स्कोरिंग बेहतर रही।
विश्वकप मेन टूर्नामेंट में मेसी का पलड़ा भारी विश्व कप फुटबॉल में दोनों की तुलना हमेशा सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मेसी ने 34 विश्व कप मैचों में 21 गोल और 12 असिस्ट किए हैं, जबकि रोनाल्डो ने 27 मैचों में 11 गोल और दो असिस्ट किए। इस आंकड़े में मेसी की बढ़त साफ है। उन्होंने रोनाल्डो की तुलना में लगभग दोगुने गोल किए हैं और असिस्ट में भी बड़ा अंतर है। 2026 विश्व कप के बाद मेसी का अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म हुआ और वह अर्जेंटीना के रिकॉर्ड गोलस्कोरर और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी के रूप में विदा हुए।
ऑल टाइम इंटरनेशनल रिकॉर्ड: कौन कहां आगे? पूरी तस्वीर को एक जगह रखें तो दोनों के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प दिखाई देता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!