उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती 2025 के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की प्रक्रिया और नियम जारी कर दिए हैं। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) में सफल अभ्यर्थियों को PET में शामिल होना होगा। यह परीक्षा केवल क्वालिफाइंग प्रकृति की होगी और इसमें सफल होना भर्ती के लिए अनिवार्य है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष उम्मीदवारों को 25 मिनट के भीतर 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। वहीं, महिला उम्मीदवारों को 14 मिनट के भीतर 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के अंदर दौड़ पूरी नहीं करने वाले उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे। परीक्षा में निर्धारित मानक हासिल नहीं करने वाले उम्मीदवारों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा में मैनुअल तरीके से समय नहीं नापा जाएगा। दौड़ का समय इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम से रिकॉर्ड किया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था होगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर बैकअप की भी व्यवस्था रहेगी। इससे परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर परीक्षा देने की संभावना कम होगी। परीक्षा के अंत में सफल और असफल उम्मीदवारों की सूची समिति के सदस्यों के हस्ताक्षर के साथ जारी की जाएगी। परिणाम उसी दिन परीक्षा केंद्र के सूचना पट्ट पर लगा दिया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जारी किए जाएंगे। परीक्षा की तारीख और समय की सूचना भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड और एक वैध फोटो पहचान पत्र (ई-आधार, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस) के साथ उपस्थित होना होगा। एडमिट कार्ड में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
उम्मीदवारों को तय तारीख और समय पर PET में शामिल होना होगा। अगर कोई उम्मीदवार उस दिन परीक्षा में नहीं पहुंच पाता है, तो उसे उसी दिन संबंधित समिति को लिखित आवेदन देकर कारण बताना होगा। आवेदन उम्मीदवार खुद या अपने प्रतिनिधि के जरिए दे सकता है। डाक, ई-मेल या किसी अन्य माध्यम से भेजा गया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अगर समिति को कारण सही लगता है, तो वह तय PET की तारीखों या रिजर्व डे के दौरान उम्मीदवार को एक और मौका दे सकती है। अंतिम तारीख या रिजर्व डे के बाद कोई मौका नहीं दिया जाएगा। महिला उम्मीदवारों को गर्भावस्था या किसी अन्य कारण से भी इसके बाद अतिरिक्त मौका नहीं मिलेगा।
PET के दौरान स्टेरॉयड, उत्तेजक या किसी भी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ होगा। जांच में ऐसा पाए जाने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
वहीं, स्वास्थ्य कारण या किसी अन्य वजह से PET में तय मानक पूरा नहीं करने वाले उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा का मौका नहीं मिलेगा। उनकी अपील भी स्वीकार नहीं की जाएगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!