उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मथुरा फिर फोकस में हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन ब्रज में रहेंगे। इस दौरान वह करीब 977 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करके ब्रज क्षेत्र को बड़ी सौगात देंगे। वहीं दौरे के दूसरे दिन कृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन-पूजन करेंगे। चुनाव से पहले सीएम योगी के मथुरा के इस दो दिवसीय दौरे को बड़े सियासी संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सियासी जानकारों का कहना है कि यूं तो सीएम योगी हर जन्माष्टमी पर मथुरा आते हैं लेकिन इस बार उनके दौरे के चुनावी निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर बन जाने के बाद मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा बार-बार उठ रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस मुद्दे को लेकर कई बार अपनी राय साफ कर चुके है। इस बीच वे न सिर्फ दो दिन मथुरा में रहेंगे बल्कि जन्माष्टमी के दिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि भी जाएंगे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर अखिलेश यादव को दी थी चुनौती
इस साल जून महीने में सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा था कि राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने के लिए मिलकर काम करें। सीएम योगी ने कहा था कि एक बयान में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कह रहे थे कि उनकी सरकार आएगी तो अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएगी। उन्होंने चैलेंज करते हुए कहा था कि आप अयोध्या की चिंता मत करिए। अयोध्या को रामभक्तों ने सजा-संवार दिया है। अब तैयारी करिए कि हम कृष्ण-कन्हैया के लिए भी कुछ कर सकें। सीएम योगी ने कहा कि अब मथुरा की बात करिए। यदि सचमुच खुद को धार्मिक कहलाने का प्रयास कर रहे हैं तो मथुरा-वृंदावन पर खुलकर बोल दीजिए। बोलिए कि श्री राम जन्मभूमि की तर्ज पर ही श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का भी अभियान चलना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संतों ने भी कमर कसनी शुरू कर दी है। राम मंदिर निर्माण से पहले मंदिर आंदोलन के पुरोधा और दिगम्बर अखाड़ा के तत्कालीन महंत रामचंद्र दास परमहंस ने जिस तरह शिला पूजन किया था उसी तर्ज पर पिछले दिनों श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए शिलापूजन कराया गया था। अयोध्या में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प के साथ रजत शिला का पूजन हुआ था। मणिराम छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास ने शिला पूजन किया था। सरयू स्नान, हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में पूजन के बाद शिला मथुरा रवाना हुई। एक सितंबर को यह वृंदावन पहुंच चुकी है। संतों ने इसका पूजन किया। जन्माष्टमी पर सहस्त्रधारा अभिषेक किया जाएगा।
इस बीच अयोध्या के श्रीराम मंदिर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए पहली बार पूजित पुष्प, वस्त्र, मेवा मिष्टान्न, श्रृंगार सामग्री, मोरपंखी , बांसुरी आदि मथुरा भेजी गई है। 25 कार्यकर्ताओं के साथ दो वाहनों में मंगल सामग्री लेकर धनंजय पाठक के नेतृत्व में यह दल रवाना हुआ है।
सीएम योगी आदित्यनाथ तीन सितंबर को मथुरा पहुंचेंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान वह कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा श्री कृष्ण जन्मस्थान के दर्शन करने जाएंगे। मुख्यमंत्री तीन सितंबर को दोपहर 1:00 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से पवनहंस हैलीपैड, वृंदावन पहुंचेंगे। वहां से कार द्वारा 1:10 बजे भक्ति स्थल मार्ग वृंदावन पहुंचकर अवलोकन करेंगे। दोपहर 1:20 बजे वह गीता शोध संस्थान पहुंचेंगे। दोपहर 1:25 से 2:30 बजे तक का समय दोपहर के भोज और विश्राम के लिए आरक्षित रहेगा। इसके बाद 2:30 से 3:30 बजे तक गीता शोध संस्थान में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की समीक्षा बैठक लेंगे। दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक गीता शोध संस्थान, प्रेक्षागृह का लोकार्पण, शिलान्यास, वृक्षारोपण एवं साधु-संतों का सम्मान, विभिन्न परियोजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण और उद्बोधन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 5:00 बजे मुख्यमंत्री गीता शोध संस्थान से कार द्वारा प्रस्थान कर 5:10 बजे कार से निकलेंगे। 6:10 बजे अशोका अतिथि गृह, दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गौ अनुसंधान संस्थान, मथुरा पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम व भोजन वहीं होगा।
चार सितंबर को सुबह 8:45 बजे मुख्यमंत्री अशोका अतिथि गृह से प्रस्थान कर 8:55 बजे श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे। सुबह 8:55 से 10:05 बजे तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गौ-पूजन करेंगे। इसके बाद 10:05 से 10:35 बजे तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे। सुबह 10:35 बजे जन्मभूमि से प्रस्थान कर 10:45 बजे वापस अशोका अतिथि गृह आएंगे। सुबह 11:00 बजे अतिथि गृह से हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 11:05 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे। 11:10 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!