राजगीर के ऐतिहासिक वादियों में गुरुवार से तीन दिनों तक गीत‑संगीत, कला, लोकसंस्कृति और परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 26 से 28 नवंबर तक राजगीर के गेस्ट हाउस मैदान में भव्य राजगीर महोत्सव का आयोजन किया गया है। महोत्सव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। प्रशासन ने आयोजन की तैयारियाँ पूरी कर ली हैं; सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और पेयजल सहित तमाम व्यवस्थाएँ की गई हैं।
उद्घाटन समारोह में गुरुवार शाम पाँच बजे होने वाले कार्यक्रम में बिजेन्द्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक हरिनारायण सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, कौशल किशोर और रुहैल रंजन भी उपस्थित रहेंगे। विधान पार्षद रीना यादव, नीरज कुमार और डॉ. संजीत कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी और राजगीर नगर परिषद की मुख्य पार्षद जीरो देवी भी समारोह में शामिल होंगी।
पहली शाम पारंपरिक छऊ नृत्य की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद बॉलीवुड के मशहूर गायक मो. इरफान और स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
दूसरे दिन यानी 27 नवंबर को सूफी और बॉलीवुड गायिका हर्षदीप कौर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।
28 नवंबर को समापन समारोह में चर्चित एमजे‑5 डांस ग्रुप और पार्श्व गायिका रिया भट्टाचार्या सहित कई कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियाँ देंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन से पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता शुरू होगी। इसके फाइनल मुकाबले तीसरे दिन होंगे। प्रतियोगिता के संयोजक श्रवण यादव के अनुसार, बिहार के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और झारखंड के करीब 100 महिला और पुरुष पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। बिहार खेल विश्वविद्यालय के प्रशिक्षकों और प्रशिक्षु पहलवानों को भी आमंत्रित किया गया है।
महिला सशक्तीकरण के लिए महिला महोत्सव और रील प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। राजगीर की पुरानी पहचान रही तांगा और पालकी सज्जा प्रतियोगिता के जरिए स्थानीय विरासत और परंपराओं को जीवंत किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने बताया कि शिक्षा विभाग की देखरेख में पुस्तक मेला, महिला महोत्सव और दंगल प्रतियोगिता का संचालन किया जाएगा।
महोत्सव परिसर में ग्रामश्री मेले के लिए चार ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में 40 स्टॉल के हिसाब से कुल 160 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पंजाब, जम्मू‑कश्मीर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक और हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। कश्मीरी शॉल, मशरूम, अचार, भदोही के कालीन, सोफा, लहंगा‑कुर्ती और स्थानीय कुटीर उद्योगों के उत्पादों की खरीदारी यहाँ की जा सकेगी। साथ ही कृषि मेला और लगभग 25 स्टॉल वाला पुस्तक मेला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
खाने‑पीने के शौकीनों के लिए व्यंजन मेले में लगभग 40 स्टॉल लगाए गए हैं। यहाँ बिहार के पारंपरिक लिट्टी‑चोखा के साथ मुर्गा‑चावल, बिरयानी, छोले‑भटूरे, राजमा‑चावल, समोसा‑चाट, चिल्ली‑पराठा, पिज्जा‑बर्गर, आइसक्रीम और मिठाइयों का स्वाद मिलेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!