ब्रिटेन के शाही परिवार पर नई किताब में दावा किया गया है कि प्रिंस विलियम राजा बनते ही प्रिंस हैरी, मेगन और उनके बच्चों से शाही उपाधियां छीन सकते हैं। उनकी योजना केवल आधिकारिक जिम्मेदारी निभाने वाले सदस्यों को सुविधाएं देने की है। क्या हैरी का परिवार प्रिंस और प्रिंसेस कहलाने का अधिकार खो देगा? क्या विलियम अपने बच्चों के लिए भी यही नियम लागू करेंगे? आइए, विस्तार से जानते हैं कि किताब में और क्या-क्या दावे किए गए...
ब्रिटेन के शाही परिवार में प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी के बीच तनाव एक बार फिर चर्चा में है। एक नई किताब में दावा किया गया है कि प्रिंस विलियम जब ब्रिटेन के राजा बनेंगे तो अपने छोटे भाई प्रिंस हैरी, उनकी पत्नी मेगन मर्केल और उनके दोनों बच्चों आर्ची और लिलिबेट की शाही उपाधियां छीन सकते हैं। इतना ही नहीं, हैरी और उनके परिवार से 'हिज रॉयल हाइनेस' (एचआरएच) कहलाने का अधिकार भी वापस लिया जा सकता है। शाही मामलों के जानकार लेखक टॉम साइक्स ने अपनी किताब 'ड्यूक्स ऑफ हैजर्ड' में विलियम की कथित योजना का खुलासा किया है। इसके मुताबिक, विलियम राजशाही के नियमों में बड़ा बदलाव करना चाहते हैं, ताकि शाही उपाधियां केवल उन लोगों को मिलें जो राजपरिवार की ओर से आधिकारिक जिम्मेदारियां निभाते हैं।
विलियम के अपने बच्चों को भी करना होगा भविष्य का फैसला? किताब के मुताबिक, इस प्रस्तावित बदलाव का असर प्रिंस विलियम और केट मिडलटन के बच्चों पर भी पड़ सकता है। उनके 11 वर्षीय बेटी प्रिंसेस शार्लट और आठ वर्षीय बेटे प्रिंस लुइस को बालिग होने पर यह तय करने का विकल्प मिल सकता है कि वे राजपरिवार के सक्रिय सदस्य बनकर सार्वजनिक जिम्मेदारियां निभाना चाहते हैं या शाही उपाधियां छोड़कर अपना स्वतंत्र करियर बनाना चाहते हैं। हालांकि, विलियम के बड़े बेटे प्रिंस जॉर्ज पर यह नियम लागू नहीं होगा, क्योंकि भविष्य में राजा बनने के लिहाज से उनकी भूमिका पहले से तय है। विलियम पहले से ही अपने बच्चों को शाही तामझाम से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं। बताया गया है कि घर के कर्मचारी उन्हें 'योर रॉयल हाइनेस' कहकर नहीं बुलाते और स्कूल में जॉर्ज का नाम केवल जॉर्ज वेल्स लिखा जाता है। इस सोच के पीछे उद्देश्य बच्चों को सामान्य माहौल में बड़ा करना बताया गया है। किस कानूनी प्रक्रिया से शाही उपाधियों के नियम बदल सकते हैं विलियम? संवैधानिक सलाहकारों के मुताबिक, विलियम राजा बनने के बाद 'लेटर्स पेटेंट' यानी सम्राट के कानूनी आदेश के जरिए शाही उपाधियों से जुड़े नियम बदल सकते हैं। वर्ष 1917 में किंग जॉर्ज पंचम ने इसी प्रक्रिया के जरिए राजपरिवार के सदस्यों की उपाधियों से जुड़े मौजूदा नियम बनाए थे। किंग चार्ल्स ने भी पिछले साल अपने भाई एंड्रयू से शाही उपाधियां वापस लेने के लिए इसी कानूनी प्रक्रिया का इस्तेमाल किया था।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!