मुजफ्फरपुर के जजुआर गांव में प्रशांत किशोर ने बुद्धिजीवी संवाद के दौरान पंचायत चुनाव में जाति-धर्म से ऊपर उठकर ईमानदार प्रतिनिधि चुनने की अपील की। उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए परिसीमन, यूजीसी कानून और कालाबाजारी पर सवाल उठाए।
मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड क्षेत्र के जजुआर गांव में शनिवार देर शाम बांकीपुर के विधायक और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहुंचे। वह बुद्धिजीवी संवाद कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में हुई गलतियों से सीख लेकर आगामी पंचायत चुनाव में सही प्रतिनिधियों को चुनने की अपील की।
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर लोग पंचायत चुनाव में भी गलती दोहराएंगे तो उसका परिणाम आम जनता को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने परिसीमन बिल, यूजीसी कानून और खाद-उर्वरक की कालाबाजारी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जन सुराज उन इलाकों में पहुंच रहा है, जहां अभी तक नहीं जा सका था।
बीजेपी सांसद पेट्रोल चोरी करने वाले लोग हैं पत्रकारों से दुर्व्यवहार के सवाल पर प्रशांत किशोर ने भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पेट्रोल चोरी करने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि एक साल पहले भी उन्होंने संजय जायसवाल को पेट्रोल चोर कहा था, जिसके बाद सांसद ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि बेतिया में अपने पेट्रोल पंप से फर्जी वाउचर बनाकर नगर निगम की गाड़ियों के नाम पर पैसे की चोरी करने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि जब ऐसे लोगों से सवाल पूछा जाता है तो वे गाली-गलौज करते हैं।
बिहार सरकार में अधिकारी मजबूर हैं, मुख्यमंत्री जो कहेंगे वही करेंगे डीएम के मुख्यमंत्री का सोशल मीडिया पोस्ट साझा करने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जब मुख्यमंत्री सरकार के प्रमुख हैं तो अधिकारी क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी या जो भी पद पर बैठे लोग हैं, उन्हें देखना चाहिए कि सरकारी धन और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में दो करोड़ वोट खरीदकर सरकार बनी है। ऐसे में सरकार चलाने वाले लोग अगर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं तो यह कोई नई बात नहीं है।
पिछले चुनाव से सीख लें, पंचायत चुनाव में गलती न करें बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव में गलती कर चुके हैं। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने जनता से किए कितने वादे पूरे किए हैं। उनके मुताबिक, सरकार वोट लेकर जनता को ठग रही है और लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता के पास पंचायत चुनाव का मौका है। इस चुनाव में जाति और धर्म से ऊपर उठकर अच्छे और ईमानदार लोगों को चुना जाना चाहिए, ताकि वे जनता का सही तरीके से प्रतिनिधित्व कर सकें।
परिसीमन के पीछे सरकार की नीयत को लेकर विरोध जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने परिसीमन को लेकर कहा कि लोकसभा सीटों का परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, ऐसा सरकार का मानना है। हालांकि, परिसीमन के पीछे सरकार की नीयत को लेकर लोगों में विरोध और आशंकाएं हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को आशंका है कि लोकसभा सीटों की सीमाओं को दोबारा तय करने की प्रक्रिया के जरिए भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा सकती है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!