मुजफ्फरपुर के मीनापुर में शिक्षक की पिटाई के विरोध में हजारों छात्र-शिक्षक सड़कों पर उतरे। निजी स्कूल और कोचिंग संस्थानों ने प्रदर्शन का समर्थन किया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। संगठनों ने पांच दिन में कार्रवाई मांगी।
मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र स्थित निजी स्कूल डेजावू स्कूल ऑफ इनोवेशन में शिक्षक की पिटाई के विरोध में बुधवार को निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े शिक्षक व छात्र सड़कों पर उतर आए। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने प्रदर्शन मार्च निकालकर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विभिन्न निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया है।
प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने कहा कि शिक्षक की पिटाई करने वालों के खिलाफ पांच दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। इंडियन एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स और एसोसिएशन ऑफ बिहार एकेडमिक इंस्टीट्यूशन की ओर से 23 सितंबर को सभी निजी स्कूल और कोचिंग संस्थान बंद रखने का आह्वान किया गया था। इसके बाद बुधवार को विरोध मार्च निकाला गया।
दरअसल, विवाद उस समय शुरू हुआ जब स्कूल के एक शिक्षक प्रिंस कुमार पर छात्रा की पिटाई करने का आरोप लगा। घटना के बाद छात्रा के परिजन और स्थानीय लोग स्कूल पहुंचे और मामले का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद स्कूल में घुसकर शिक्षक प्रिंस कुमार के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं, स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी घटना रिकॉर्ड हुई थी। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ मीनापुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दूसरी ओर, छात्रा के परिजनों ने भी शिक्षक प्रिंस कुमार के खिलाफ बच्ची के साथ मारपीट करने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
स्कूल और कोचिंग संस्थानों से जुड़े संगठनों का कहना है कि शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। विद्यालय की निदेशक गरिमा विशाल के बयान पर जिला पार्षद हिमांशु गुप्ता, छात्रा के पिता गरीबनाथ साह समेत चार लोगों के खिलाफ शिक्षक प्रिंस कुमार के साथ मारपीट करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
वहीं, छात्रा की मां रेशमी देवी के बयान पर शिक्षक प्रिंस कुमार के खिलाफ पुत्री के साथ मारपीट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। रेशमी देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। मामले में एसडीपीओ ईस्ट एलेय वत्स ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिले आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!