बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 44 वर्षीय व्यवसायी की मौत हो गई। साठी थाना क्षेत्र के बसंतपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वह अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए खड्डा जाने निकले थे। इस हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऑटो से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे मुन्ना आर्य
मृतक की पहचान चनपटिया प्रखंड के गर्ल्स स्कूल के समीप वार्ड नंबर एक निवासी ज्योतिप्रकाश आर्य उर्फ मुन्ना आर्य (44) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे मुन्ना अपनी पत्नी के साथ ऑटो से नरकटियागंज जंक्शन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। रास्ते में सिकरहना पुल पार करने के बाद बसंतपुर मोड़ के पास वह अपने एक परिचित को कुछ कागजात देने के लिए ऑटो से उतरे थे।
नरकटियागंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
इसी दौरान नरकटियागंज की ओर से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने मुन्ना को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई और एक पेड़ से टकरा गई। इससे कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पत्नी ऑटो में बैठी थीं, इसलिए बच गई जान
मुन्ना के बहनोई रमाकांत बरनवाल ने बताया कि हादसे के समय उनकी पत्नी ऑटो में ही बैठी थीं। इस वजह से वह कार की चपेट में आने से बच गईं। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद ऑटो चालक ने मुन्ना को संभाला और बिना देर किए उन्हें बेतिया स्थित जीएमसीएच पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पीछे छूट गए पिता, पत्नी और तीन बच्चे
रमाकांत बरनवाल के मुताबिक, मुन्ना घरेलू उद्योग से जुड़े व्यवसायी थे। वह अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए खड्डा जाने की तैयारी में थे। उनके परिवार में कुल पांच सदस्य हैं। इनमें करीब 95 वर्षीय पिता रामाश्रय प्रसाद आर्य, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। परिवार के भरण-पोषण में मुन्ना की अहम भूमिका थी। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुन्ना की पत्नी सरकारी शिक्षिका हैं। अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। पति की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने जब्त की दुर्घटनाग्रस्त कार
हादसे की सूचना मिलते ही साठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!