यूपी की डुमरियागंज सीट से सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदंबिका पाल ने बुधवार को सिद्धार्थनगर के लोहिया कला भवन में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में अपने बेटे अभिषेक पाल को भेजा। इसकी जानकारी जगदंबिका पाल और अभिषेक पाल ने फेसबुक के माध्यम से खुद साझा की। लोहिया कला भवन में प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सीएम ने लखनऊ के लोकभवन से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ करने के साथ ही यूपीकॉस के पोर्टल और वेबसाइट की लॉन्चिंग और इसके लोगो का अनावरण किया जिसे प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रमिकों, लाभार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने लाइव देखा।
सांसद जगदंबिका पाल के बेटे अभिषेक पाल ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लिखा-‘आज जनपद सिद्धार्थनगर के लोहिया कला भवन में माननीय सांसद एवं मेरे पिता जी श्री Jagdambika Pal जी की अनुपस्थिति में उनके आग्रह पर उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की।’ वहीं सांसद जगदंबिका पाल ने अपनी पोस्ट में लिखा-‘आज जनपद सिद्धार्थनगर के लोहिया कला भवन में मेरी अनुपस्थिति में मेरे सुपुत्र श्री Abhishek Pal जी ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की।’
इसके अलावा दोनों ने कार्यक्रम में शिरकत करने वाले भाजपा के सिद्धार्थनगर जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, विधायक श्यामधनी राही, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल और अन्य नेताओं, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के बारे में भी अपनी पौस्ट में जानकारी दी। जगदंबिका पाल ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समान अवसर और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लिखा कि UPCOS के माध्यम से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को और अधिक सुदृढ़ करते हुए युवाओं और आउटसोर्स कर्मियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण लोहिया कला भवन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने देखा। इस मौके पर नगर पालिका कर्मचारियों को टूल किट प्रदान की। इसके साथ ही श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि यह पहल आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्पों को पूरा करने का दायित्व केवल सरकार का ही नहीं, बल्कि सभी लोगों का है। सभी को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि आज सभी के लिए खुशी का दिन है। डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि निगम बनने से आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!