भारत में हाई स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार से आने वाले समय में ट्रेन और हवाई सफर के बीच मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। 2026-27 के केंद्रीय बजट में लगभग 4,000 किलोमीटर लंबे सात नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की योजना पेश की गई थी। इनमें मुंबई‑पुणे, पुणे‑हैदराबाद, हैदराबाद‑बेंगलुरु, हैदराबाद‑चेन्नई, चेन्नई‑बेंगलुरु, दिल्ली‑वाराणसी और वाराणसी‑सिलिगुड़ी रूट शामिल हैं। इन कॉरिडोर के जरिए देश के बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय कम करने की तैयारी है।
सरकार हाई स्पीड रेल नेटवर्क के जरिए बड़े शहरों के बीच ट्रेन से सफर को भी तेज और सुविधाजनक बनाने पर जोर दे रही है। वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, विद्युतीकरण और सुरक्षा सुधार इसी बदलाव का हिस्सा हैं। अब करीब 16 लाख करोड़ रुपये के निवेश से हाई स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की योजना है। ऐसे में सवाल यह है कि आने वाले समय में हाई स्पीड रेल नेटवर्क का क्या असर विमानन क्षेत्र पर पड़ सकता है।
दुनिया के कई देशों में हाई स्पीड रेल ने कम दूरी की हवाई यात्रा को कड़ी चुनौती देने का काम किया है। जापान, चीन और यूरोप के कुछ हिस्से इसके उदाहरण हैं। जापान में टोक्यो से ओसाका के बीच चलने वाली शिंकानसेन ट्रेन काफी लोकप्रिय है। यह टोक्यो, नागोया, क्योटो और ओसाका जैसे बड़े शहरों को जोड़ती है। इस रूट पर ट्रेन की तेज रफ्तार के साथ उसकी समय पर उपलब्धता और शहरों के बीच सीधी कनेक्टिविटी यात्रियों को आकर्षित करती है। यही वजह है कि इस रूट पर हवाई सफर की हिस्सेदारी काफी कम हो गई है।
भारत के बड़े शहरों के बीच हाई स्पीड रेल की जरूरत इसलिए भी महसूस की जा रही है क्योंकि यहां कई प्रमुख आर्थिक केंद्र एक-दूसरे से बहुत ज्यादा दूर नहीं हैं। हालांकि, इन शहरों के बीच हवाई सफर करने में यात्रियों का काफी समय एयरपोर्ट पहुंचने, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग जैसी प्रक्रियाओं में लग जाता है। उदाहरण के लिए बेंगलुरु से चेन्नई की उड़ान करीब एक घंटे की है। वहीं एयरपोर्ट आने-जाने और अन्य प्रक्रियाओं को जोड़ दें तो पूरा सफर चार से पाँच घंटे तक पहुंच सकता है। इसके मुकाबले हाई स्पीड ट्रेन के स्टेशन शहर के नजदीक होने से यात्रियों का समय बच सकता है।
प्रस्तावित रेल कॉरिडोर यात्रा के तरीके को बदल सकते हैं। बेंगलुरु से चेन्नई के बीच करीब 78 मिनट में सफर पूरा करने की योजना है। वहीं मुंबई से पुणे की दूरी महज 48 मिनट में तय हो सकेगी। हैदराबाद से बेंगलुरु के बीच भी करीब दो घंटे में पहुंचने का लक्ष्य है। इन रूटों पर कारोबार के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों को खास फायदा मिल सकता है। उन्हें कम समय में एक शहर से दूसरे शहर पहुंचने का विकल्प मिलेगा। इस बदलाव की शुरुआती झलक वंदे भारत ट्रेनों में भी दिखाई देती है। हालांकि, ये हाई स्पीड रेल नहीं हैं लेकिन इनसे भारतीय रेलवे में तेज और बेहतर यात्री सेवाओं की दिशा में हो रहे बदलाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कुल मिलाकर भारत में हाई स्पीड रेल का विस्तार हवाई सफर का विकल्प जरूर तैयार कर सकता है। खासकर उन रूटों पर जहां दो बड़े शहरों के बीच की दूरी कम है। अगर ट्रेनें तय समय पर चलती हैं, किराया प्रतिस्पर्धी रहता है और यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मिलती हैं, तो लोग छोटी दूरी के लिए प्लेन के बजाय ट्रेन चुन सकते हैं। इससे एयरलाइन कंपनियों को कुछ रूटों पर चुनौती मिल सकती है। हालांकि, लंबी दूरी और दूर-दराज के शहरों के बीच हवाई सफर की जरूरत बनी रहेगी। भविष्य में ट्रेन और प्लेन एक-दूसरे की जगह लेने के बजाय अलग-अलग तरह की यात्राओं के लिए अहम विकल्प बने रहेंगे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!