सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में राहुल गांधी, कांग्रेस और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर बड़ा हमला बोला। अजय राय को उन्होंने अयोध्या में मछली भोज के लिए भी घेरा। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के इस प्रदेश अध्यक्ष का इतिहास पुराना है। ये अपने भाई के हत्यारे के खिलाफ बयान देने नहीं गए थे। उस दुर्दांत माफिया के आगे उन्होंने घुटने टेक दिए थे। वो तो जब हमारी सरकार आई तो उस माफिया को इतना रगड़ा कि उसकी भूस निकल गई।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कल अयोध्या गए थे। वहां वह हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं। फिर बाहर जाकर मछली की दावत करते हैं। बेशर्मी की भी एक सीमा होती है। किसने कहा था मंदिर जाने के लिए। जो खाना था उसे अयोध्या के बाहर खा लेते। यही इनका दोहरा आचरण है। इन लोगों के सामने गिरगिट भी शरमा जाएगा। मंदिर में राम-राम करते हैं और बजरंग बली के सामने दंडवत होने का ढोंग करते हैं फिर बाहर जाकर मछली की दावत करते हैं।
बता दें कि कांग्रेस के मौजूद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय की 3 अगस्त 1991 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में पूर्वांचल के बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी का नाम सामने आया था। बताया जाता है कि अवधेश राय अपने छोटे भाई अजय राय के साथ घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक कार से आए बदमाशों ने गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी थी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तथा राष्ट्रीय सचिव और पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त तथा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह रविवार को अयोध्या पहुंचे। इन नेताओं ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राय ने कहा था कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान के दर्शन से करती है। उन्होंने हनुमान जी से अत्याचार और अन्याय के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की थी। राय बोले थे कि उन्हें हनुमान जी पर भरोसा है। अब हनुमान जी अपना गदा उठाएं और चंदा चोरों का फैसला करें। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि राम मंदिर को व्यापार का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि चढ़ावे की चोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के तारून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित मछली भोज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रविवार को भी भाजपा नेताओं ने इसे लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। भाजपा नेताओं ने सावन के पवित्र महीने में कथित मछली भोज के आयोजन को सनातन आस्था का अपमान बताते हुए कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाए। नेताओं ने कहना है कि अयोध्या जैसी धार्मिक नगरी में इस तरह के आयोजन से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सावन के महीने में जब करोड़ों सनातनी भगवान शिव की आराधना में लीन हैं, उस समय मछली भोज आयोजित करना कांग्रेस की सनातन विरोधी मानसिकता का खुला प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि सनातन समाज की आस्था कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। अयोध्या में आकर मंदिरों में माथा टेकना और दूसरी तरफ सावन में मछली भोज कराना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करता है।
सीएम योगी आदित्यनाथ रायबरेली में 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक और ‘अवध केसरी’ राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित ‘भाव समर्पण समारोह’ में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने यहां राणा बेनी माधव बख्श सिंह की स्मृति में करीब 21 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण भी किया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!