इमेज स्रोत, Getty Images
दक्षिण भारत के सबसे प्रभावशाली कारोबारी परिवारों में जन्मीं काव्या मारन बिज़नेस जगत में एक जाना-पहचाना नाम हैं.
ग्रीस में संगीतकार और रजनीकांत के भतीजे अनिरुद्ध रविचंदर के साथ काव्या की शादी इनदिनों काफ़ी चर्चा में है. कई महीनों से चल रही अटकलों के बावजूद काव्या और अनिरुद्ध, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा था.
एक समय अनिरुद्ध ने शादी की ख़बरों को ख़ारिज भी किया था. हालांकि, अब दोनों 11 नवंबर को शादी के बंधन में बंध गए. 1991 में चेन्नई में जन्मीं काव्या, कलानिधि मारन और कावेरी कलानिधि मारन की बेटी हैं.
उन्हें भारत के प्रमुख मीडिया समूहों में से एक सन ग्रुप का उत्तराधिकारी माना जाता है. कारोबार, राजनीति, खेल और मनोरंजन जैसे कई प्रभावशाली क्षेत्रों से उनका जुड़ाव है.
काव्या ने चेन्नई से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया और बाद में एमबीए की पढ़ाई की. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह परिवार के कारोबार से जुड़ गईं और सन ग्रुप के अलग-अलग कामकाज का अनुभव हासिल किया.
इमेज स्रोत, sunrisersec/instagram
काव्या के करियर में एक अहम मोड़ तब आया, जब कुछ साल पहले उन्होंने सन टीवी नेटवर्क के मैनेजिंग डायरेक्टर की ज़िम्मेदारी संभाली.
कंपनी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक़, वह मीडिया कंपनी के कामकाज, विकास से जुड़ी परियोजनाओं और डिज़िटल प्लेटफ़ॉर्म समेत कई क्षेत्रों में शामिल रही हैं.
ख़ास तौर पर सन ग्रुप के ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म सन एनएक्सटी में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है. हालांकि, उन्होंने सार्वजनिक तौर पर अपने काम के बारे में ज़्यादा बात नहीं की है.
लेकिन काव्या मारन को पूरे भारत में पहचान टीवी की दुनिया से नहीं, बल्कि क्रिकेट से मिली. जब वह आईपीएल में सनराइज़र्स हैदराबाद टीम की प्रतिनिधि और प्रशासनिक चेहरा बनकर सामने आने लगीं, तो प्रशंसकों का ध्यान स्वाभाविक रूप से उनकी ओर गया.
सनराइज़र्स टीम की सीईओ के तौर पर वह पिछले कुछ सालों से खिलाड़ियों की नीलामी में हिस्सा लेती, टीम से जुड़े प्रशासनिक फ़ैसलों में शामिल होती और मैचों के दौरान स्टैंड्स से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाती नज़र आई हैं.
इस तरह वह भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित टीम प्रशासकों में शामिल हो गईं. टीम की जीत पर उनकी खुशी और हार पर उनकी निराशा सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा का विषय बनती रही है.
इमेज स्रोत, Anirudh / Insta
वह दक्षिण अफ़्रीका की क्रिकेट टीम सनराइज़र्स ईस्टर्न केप और इंग्लैंड और वेल्स में खेले जाने वाले छोटे प्रारूप के क्रिकेट टूर्नामेंट 'द हंड्रेड' की टीम सनराइज़र्स लीड्स का कामकाज भी संभालती हैं.
काव्या मारन और कलानिधि मारन की मौजूदगी वाले एक कार्यक्रम में रजनीकांत ने मंच से कहा था, "सनराइज़र्स टीम में अच्छे खिलाड़ियों को शामिल कीजिए. मैच के दौरान काव्या के चेहरे के हाव-भाव देखकर हमें घबराहट होने लगती है."
सोशल मीडिया पर उनकी इस टिप्पणी की काफ़ी चर्चा हुई थी.
अभिनेता रजनीकांत ने सन ग्रुप की फ़िल्म निर्माण कंपनी सन पिक्चर्स की कई फ़िल्मों में काम किया है.
उनकी पिछली फ़िल्म 'जेलर 2' का निर्माण भी सन पिक्चर्स ने किया था और इसमें अनिरुद्ध रविचंदर ने संगीत दिया था.
हालांकि, आईपीएल मैच नियमित रूप से देखने वाले लोगों के लिए काव्या मारन का चेहरा जाना-पहचाना है, लेकिन बहुत कम लोगों ने उनके भाषण सुने हैं.
वह मीडिया को बहुत कम इंटरव्यू देती हैं. इसी तरह, सोशल मीडिया पर भी वह ज़्यादा सक्रिय नहीं रहती हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images & @anirudhofficial
इस शादी को तमिलनाडु के दो प्रभावशाली परिवारों का मिलन भी माना जा रहा है.
एक तरफ़ मारन परिवार है, जिसका जुड़ाव मीडिया और राजनीति से है.
दूसरी तरफ़ अनिरुद्ध रविचंदर हैं, जो मशहूर संगीतकार हैं और तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक रजनीकांत के परिवार के रिश्तेदार भी हैं.
रजनीकांत की पत्नी लता के भाई रवि राघवेंद्र हैं. अनिरुद्ध रविचंदर उनके बेटे हैं. वहीं, काव्या मारन पूर्व तमिलनाडु मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के भतीजे मुरासोली मारन की पोती हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!