उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रतिष्ठित पीसीएस परीक्षा-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई, 2026 है। यानी, अब आवेदन करने के लिए सिर्फ पांच दिन का समय बचा है। इस भर्ती के माध्यम से फिलहाल 500 पदों पर चयन होना है।
संतुलित तैयारी करें
कई अभ्यर्थी केवल अपने पसंदीदा विषयों पर अधिक ध्यान देते हैं और कुछ विषयों को नजरअंदाज कर देते हैं। यही गलती परीक्षा में भारी पड़ती है। इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, पर्यावरण, कृषि, समसामयिकी और उत्तर प्रदेश विशेष जैसे सभी विषयों की संतुलित तैयारी करें। परीक्षा में तथ्यात्मक और अवधारणात्मक, दोनों प्रकार के प्रश्न पूछे जाते हैं। इसलिए किसी भी विषय को कम महत्वपूर्ण मानने की भूल न करें। नियमित अंतराल पर पूरे सिलेबस का रिवीजन करते रहें।
समसामयिकी पर ध्यान दें
यूपीपीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में लगभग 30-35 प्रश्न समसामयिक घटनाओं से जुड़े होते हैं। विज्ञान, राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण जैसे विषयों में भी वर्तमान घटनाओं के आधार पर प्रश्न पूछे जाते हैं। इसलिए पिछले एक वर्ष की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के साथ उत्तर प्रदेश की प्रमुख योजनाओं, बजट, रिपोटों, वैज्ञानिक उपलब्धियों और महत्वपूर्ण समझौतों का व्यवस्थित अध्ययन करें।
पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण करें
पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण बताता है कि इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, सामान्य विज्ञान, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी से सबसे अधिक प्रश्न पूछे जाते हैं। इसलिए इन विषयों पर मजबूत पकड़ बनाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बजट, आर्थिक सर्वेक्षण, प्रमुख योजनाओं और उत्तर प्रदेश विशेष विषयों की अच्छी तैयारी करें। राज्य का इतिहास, संस्कृति, भौगोलिक विशेषताएं, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और प्रशासनिक ढांचा परीक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
सी-सैट की तैयारी न छोड़ें
कई अभ्यर्थी यह सोचकर सी-सैट की तैयारी नहीं करते कि यह केवल क्वालीफाइंग पेपर है। लेकिन हर वर्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसी कारण मुख्य परीक्षा तक नहीं पहुंच पाते। गणित, तार्किक क्षमता, निर्णय क्षमता, गद्यांश, हिंदी और अंग्रेजी बोध का नियमित अभ्यास करें। प्रतिदिन कम से कम एक प्रैक्टिस सेट हल करें। लगातार अभ्यास से न केवल गति बढ़ेगी, बल्कि आत्मविश्वास भी मजबूत होगा।
Comments ()
No comments yet. Be the first to share your thoughts!