नेपाल में आई जल त्रासदी के बाद बिहार में गंडक नदी के किनारे रहने वाले लोग आपदा में भी अवसर तलाशने लगे हैं। तटीय इलाकों के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती गंडक नदी में उतर रहे हैं। दरअसल, नेपाल में अचानक आई बाढ़ से गंडक में भारी मात्रा में लकड़ियां, गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान बहकर आ रहे हैं। पश्चिम चंपारण जिले में नदी से ये सामान निकालने की होड़ सी मची हुई है। लोग अपनी जान की बाजी लगाकर नदी में कूद रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा लकड़ियां एवं अन्य सामान बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को नदी में नहीं उतरने की हिदायत दी जा रही है।
पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर, बगहा और मधुबनी समेत अन्य क्षेत्रों में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग गंडक नदी में उतरते हुए नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, नेपाल की ओर से बहकर आई लकड़ियों के साथ गैस सिलेंडर और घरेलू उपयोग के अन्य उपकरण भी नदी में दिखाई दे रहे हैं।
लोगों का दावा है कि विभिन्न घाटों से अब तक 100 से ज्यादा एलपीजी सिलेंडर मिल चुके हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में अन्य घरेलू सामान भी नदी से निकाले जा रहे हैं।
गंडक नदी के किनारे गुरुवार सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी रही। कई लोग नाव और ट्यूब के सहारे नदी में जाकर बहकर आ रही लकड़ी को किनारे लाने लगे। वहीं कुछ लोग नदी के किनारे पानी कम होने वाले हिस्सों में छलांग लगाकर सामान की तलाश करने लगे।
एसडीएम चांदनी कुमारी ने बताया कि नदी के जल स्तर में उतार चढ़ाव है। ऐसे में लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है। अनावश्यक नदी में जाने वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेपाल में भारी बारिश और तबाही के बाद नदी में बहाव के साथ बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य सामान आया है। इसे निकालकर लोग अपने घरेलू उपयोग में ले रहे हैं या फिर बेच रहे हैं। हालांकि, ये सामान निकालते समय लोगों को मौत का भी डर नहीं सता रहा है।
जिले के मधुबनी स्थित धनहा पुल के नीचे नदी में बहकर आ रही लकड़ियों को छानने के लिए कुछ लोग नदी में उतरने का प्रयास कर रहे हैं। अंचलाधिकारी नंदलाल राम ने बताया कि फिलहाल गंडक नदी का जलस्तर सामान्य है, लेकिन नदी में भारी मात्रा में लकड़ियां बहकर आ रही हैं। इन्हें छानने के लिए लोग नदी में जाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और लोगों को नदी में उतरने से रोका जा रहा है। प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना करने वालों के साथ सख्ती से पेश आया जाएगा।
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि धनहा पुल के नीचे कुछ लोग नदी में जाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस द्वारा उन्हें लगातार रोका जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा लोगों से नदी से दूर रहने की अपील की जा रही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!