इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है. उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए शनिवार को छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया.
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया है. साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी विधानसभा अध्यक्ष से की है.
जेडी (यू) ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब एक दिन पहले ही बिहार की विधानसभा परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें वह ग्रेजुएट निर्वाचक क्षेत्र भी शामिल था, जिसके लिए उन्होंने विरोधी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया.
पटना स्नातक सीट पर जदयू ने नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया था, जबकि इस सीट पर जेडी (यू) के अनंत सिंह ने जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए प्रचार किया. यहां तक कि वे उनकी नामांकन यात्रा में भी शामिल हुए.
बता दें कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता रही है. साल 2015 में जब नीतीश कुमार ने अनंत सिंह को टिकट नहीं दिया था और नीरज सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया, तब से दोनों के बीच कटुता है.
पटना की मोकामा विधानसभा सीट पर निदर्लीय चुनाव लड़कर तब अनंत सिंह ने नीरज कुमार को हरा दिया था. वहां से अनंत सिंह का नाम इस विधानसभा सीट से जुड़ गया. बीते विधानसभा चुनाव में हत्या के आरोप के चलते जेल के अंदर होने के बाद भी उन्होंने जीत दर्ज की.
शुरूआत में अनंत सिंह के नीतीश से रिश्ते खटास भरे ज़रूर रहे. नीतीश के सत्ता में आने के बाद पहली बार 2015 में ही पुटुस हत्याकांड में अनंत सिंह जेल गए.
2017 में जेल से लौटने के बाद उन्होंने जदयू से नाता तोड़ लिया और लालू यादव की राजद से नज़दीकी बढ़ी.
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
साल 2024 में पटना हाईकोर्ट के आदेश पर एक मामले में रिहा होने के बाद वे दोबारा साल 2025 में जदयू में शामिल हुए और विधानसभा चुनाव लड़ा.
हाल में नीरज कुमार के साथ उनकी लड़ाई सुलझाने का जिम्मा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को दिया गया था. मगर 23 अक्तूबर को मीडिया के एक सवाल पर उन्होंने ललन सिंह को पहचानने से इनकार कर दिया.
स्थानीय मीडिया ने अनंत सिंह से पूछा- ललन सिंह किसके साथ हैं.
इसपर अनंत सिंह ने कहा, "कौन ललन सिंह की बात कर रहे हैं ? बिहार में 100 ललन सिंह हैं. हम उनको नहीं जानते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "मैं नीतीश कुमार और पार्टी को अपना भगवान मानता हूं. हम कहीं रहेंगे नीतीश जी को मानते रहेंगे. सरकार के विरोध में चल रहे हैं, पुलिस कहीं-कहीं जुर्माना किया है. उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा."
जेडी (यू) अनंत सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता था, मगर हालिया घटनाओं के बाद उनके ऊपर कार्रवाइयों की संभावना जतायी जा रही थी.
जेडी (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने शनिवार को अनंत सिंह के पार्टी निष्कासन के संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया.
आदेश के अनुसार, पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के प्रति अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और विधान परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध काम करने के कारण अनंत सिंह पर कार्रवाई की गई है.
पार्टी का आरोप है कि अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी के विरोध में प्रचार किया और दूसरे दल के प्रत्याशी का समर्थन किया.
इसी आधार पर उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है.
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.
प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी के जिस स्नातक सीट के प्रत्याशी के लिए अनंत सिंह ने प्रचार करके पार्टी से बगावत कर ली, पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों के दौरान उसी जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थक की हत्या के आरोप में उन्हें जेल भेजा गया था.
तब दुलारचंद यादव जनसुराज के पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे. 30 अक्तूबर की दोपहर तकरीबन तीन बजे तारतर गांव और बसावनचक नाम की जगह के बीच जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह के काफ़िले और पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के बीच झड़प हुई. मौके पर दुलार सिंह की मौत हो गई.
उन्होंने जेल से ही चुनाव लड़ा, उनकी गैर मौजूदगी में मोकामा सीट पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और अब के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रचार किया था.
हालांकि हाल के दिनों में ललन सिंह के साथ उनके रिश्ते बिगड़ गए हैं. साथ ही वे सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए की वर्तमान सरकार के ख़िलाफ़ भी बयान देते रहे हैं. वे कई बार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा चुके हैं.
बीती मार्च में उन्हें नियमित जमानत मिल गई थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!