बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार ने रक्षाबंधन का त्योहार शुक्रवार को दिल्ली में मनाया। इस मौके पर लालू के दोनों बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव एक साथ नजर बैठे नजर आए। दोनों भाइयों को मीसा भारती समेत अन्य बहनों ने राखी बांधी। रोहिणी आचार्या को छोड़ लालू की अन्य 6 बेटियां मौजूद रहीं। लालू परिवार में मचे घमासान के बीच रक्षाबंधन पर परिवार के एकजुट होने की तस्वीर सामने आई है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से रक्षाबंधन की तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने मीसा भारती, चंदा, रागिनी, हेमा, अनुष्का और राजलक्ष्मी यादव के साथ राखी बंधवाते हुए फोटो पोस्ट की। तेज प्रताप ने लिखा कि समय बदल जाता है, हम बड़े हो जाते हैं, लेकिन भाई-बहन का प्यार और बचपन की यादें हमेशा दिल में जीवित रहती हैं।
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, आरजेडी सांसद मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को ही पटना से दिल्ली पहुंच गए थे। मीसा भारती ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी अधिकतर बहनों की दिल्ली के आसपास ही शादी हुई है, वे यहीं रहती हैं। इसलिए भाई हमेशा रक्षाबंधन पर दिल्ली ही आ जाते हैं। फिर पूरा परिवार एक साथ मिलकर यहीं पर त्योहार मनाता है।
रक्षाबंधन पर लालू-राबड़ी का पूरा परिवार दिल्ली में जुटा। मगर लालू की बेटी रोहिणी आचार्या नहीं नजर आईं। बताया जा रहा है कि रोहिणी आचार्या सिंगापुर में हैं और रक्षाबंधन पर मायके नहीं आने की वजह नहीं बताई गई है।
बता दें कि पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी की करारी हार के बाद रोहिणी आचार्या ने अपने भाई तेजस्वी और उनके सहयोगी संजय यादव एवं रमीज पर गंभीर आरोप लगाए थे। रोहिणी ने पटना स्थित राबड़ी आवास में अपने साथ बदसलूकी होने का आरोप लगाते हुए मायके से भाई तेजस्वी यादव से रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद से रोहिणी अपने मायके नहीं आई हैं। हालांकि, लालू यादव जब मई-जून महीने में हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर गए थे, तो वह कुछ दिन बेटी के यहीं रुके थे।
पिछले साल लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप को परिवार और पार्टी आरजेडी से बेदखल कर दिया था। उस समय तेज प्रताप का नाम अनुष्का यादव नाम की एक लड़की से जोड़ा गया था। लालू परिवार से अलग होने के बाद तेज प्रताप ने जेजेडी नाम से नई पार्टी बना दी। वह तेजस्वी के करीबियों पर जयचंद होने के आरोप भी लगाते रहे। इससे दोनों भाइयों के बीच रिश्ते बिगड़े।
हालांकि, अब धीरे-धीरे दोनों भाइयों में रिश्ते सुलझते नजर आ रहे हैं। ऐसे कई मौके आए जब दोनों भाई एक साथ नजर आए। बीते मई महीने में गाजियाबाद में जब तेजस्वी के बेटे इराज का बर्थडे मनाया गया था, उसमें भी तेज प्रताप ने शिरकत की थी और अपने भतीजे को आशीर्वाद दिया था।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!