भारतीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह निवेशकों का मूड थोड़ा कमजोर रहा। कमजोर बाजार के बीच देश की सबसे ज्यादा वैल्यू वाली टॉप-10 कंपनियों में से 7 के मार्केट कैप में कुल करीब ₹1.13 लाख करोड़ की गिरावट दर्ज की गई। इनमें भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। वहीं, TCS, ICICI बैंक और SBI ऐसी कंपनियां रहीं, जिनके बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। सप्ताह के दौरान BSE सेंसेक्स में 276.32 अंक यानी 0.35 फीसदी की गिरावट आई, जबकि NSE निफ्टी 76.35 अंक यानी 0.31 फीसदी नीचे रहा। मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, वैश्विक ब्याज दरों को लेकर चिंता, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और नए क्लोजिंग ऑक्शन से जुड़ी अस्थिरता ने निवेशकों की धारणा पर दबाव बनाया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप सबसे ज्यादा घटने वालों में रहा। कंपनी का बाजार मूल्यांकन ₹40,056.32 करोड़ घटकर ₹17,38,119.27 करोड़ रह गया। इसके बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) देश की सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनी बनी हुई है। वहीं, भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के मार्केट कैप में ₹40,500.85 करोड़ की भारी गिरावट आई और यह ₹11,74,462.30 करोड़ रह गया। HDFC बैंक की बाजार वैल्यू ₹11,558.35 करोड़ घटकर ₹11,09,600.70 करोड़ हो गई। बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) का मार्केट कैप भी ₹10,086.05 करोड़ घटकर ₹6,70,535.57 करोड़ रह गया।
इसके अलावा लार्सेन एंड टर्बो (Larsen & Toubro) की बाजार पूंजी में ₹6,473.45 करोड़, LIC में ₹3,162.50 करोड़ और हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever) में ₹1,550.73 करोड़ की कमी आई, यानी टॉप-10 में शामिल सात कंपनियों के शेयरों में कमजोरी के कारण इनकी कुल मार्केट वैल्यू में बड़ी गिरावट देखने को मिली। दूसरी ओर कुछ बड़ी कंपनियों ने बाजार की कमजोरी के बावजूद अच्छा प्रदर्शन किया।
TCS (Tata Consultancy Services) के मार्केट कैप में सबसे अच्छी बढ़ोतरी हुई। कंपनी की बाजार वैल्यू ₹16,643.20 करोड़ बढ़कर ₹8,48,079.71 करोड़ हो गई। IT शेयरों में वैश्विक टेक्नोलॉजी संकेतों के कारण खरीदारी बढ़ने से TCS को फायदा मिला। ICICI बैंक का मार्केट कैप भी ₹4,475.28 करोड़ बढ़कर ₹10,22,805.73 करोड़ पहुंच गया। वहीं, SBI (State Bank of India) की बाजार पूंजी ₹599.99 करोड़ बढ़ी और यह ₹9,65,568.75 करोड़ हो गई।
मार्केट एक्सपर्ट अजीत मिश्रा के अनुसार, भारतीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सप्ताह दबाव में रहा और फिलहाल करेक्शन फेज में है। हालांकि, शुक्रवार को IT शेयरों में खरीदारी के चलते बाजार ने कुछ रिकवरी की, लेकिन व्यापक स्तर पर निवेशकों की सतर्कता बनी हुई है। टॉप-10 कंपनियों की रैंकिंग में रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) पहले, भारती एयरटेल (Bharti Airtel) दूसरे और HDFC बैंक तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), लार्सेन एंड टर्बो (Larsen & Toubro), LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever) का स्थान रहा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!