खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंगेर में शुक्रवार देर रात वाहन जांच के दौरान पुलिस जवानों की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब स्टोन चिप्स लदे एक ट्रक के चालक ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर दिया। आरोप है कि चालक ने तेज रफ्तार में बैरियर तोड़ते हुए जांच में जुटे जवानों को कुचलने का प्रयास किया और ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल ट्रक का पीछा शुरू किया और करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बरियारपुर मोड़ के पास उसे पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रक में सवार दो लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
बैरियर तोड़कर तेज रफ्तार में भागा ट्रक
जानकारी के अनुसार, फोरलेन स्थित टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार देर रात पुलिस की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुल्तानगंज की ओर से आ रहे ट्रक संख्या JH-12-Q-9241 को पुलिस जवानों ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और बैरियर को तोड़ते हुए आगे निकल गया। इस दौरान जांच में जुटे जवानों को कुचलने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन ने बरियारपुर और शामपुर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी और खुद भी ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने बरियारपुर मोड़ के पास ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रक में सवार दो लोग उतरकर फरार हो गए।
ट्रक में मिला स्टोन चिप्स, खलासी नहीं दिखा सका ड्राइविंग लाइसेंस
ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पकड़े गए ट्रक की जांच की। ट्रक में स्टोन चिप्स लदा हुआ था। पुलिस ने मौके पर मौजूद खलासी से ड्राइविंग लाइसेंस और स्टोन चिप्स से संबंधित माइनिंग चालान मांगा। खलासी ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं, खलासी की ओर से दिखाया गया माइनिंग चालान चार दिन पुराना पाया गया। इसके बाद ट्रक में लदे स्टोन चिप्स की वैधता को लेकर पुलिस ने खनन विभाग को सूचना दी।
ट्रक जब्त, खनन विभाग करेगा कागजात की जांच
ट्रैफिक डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि वाहन जांच के दौरान सुल्तानगंज की ओर से आ रहे ट्रक को रुकने का इशारा किया गया था। चालक ने ट्रक रोकने के बजाय तेज गति से बैरियर तोड़ दिया और जांच में लगे जवानों को कुचलने का प्रयास करते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर बरियारपुर मोड़ के समीप ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रक से दो लोग उतरकर फरार हो गए।
डीएसपी ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और इसकी सूचना खनन निरीक्षक प्रिया कुमारी को दी गई है। घटना की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है।
खनन निरीक्षक प्रिया कुमारी ने बताया कि ट्रैफिक डीएसपी ने फोन कर ट्रक के पकड़े जाने की सूचना दी है। ट्रक को किस थाने में रखा गया है, इसकी जानकारी लेने के बाद स्टोन चिप्स से संबंधित कागजात और उसकी वैधता की जांच की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!