खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर जिले के सुल्तानगंज की धानिक बेलारी पंचायत में श्रावणी मेला के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान सुल्तानगंज में भव्य ड्रोन और लेजर शो का आयोजन किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, एकता और संकल्प का अद्भुत प्रतीक है। भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों में करीब 100 किलोमीटर की यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग किसी न किसी रूप में श्रावणी मेला से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर शिवभक्त ‘बोल बम’ के जयकारे के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव को जल अर्पित करते हैं। यह यात्रा सामाजिक समरसता और एकता का अनूठा उदाहरण है। श्रद्धालु पूरी भक्ति के साथ पैदल यात्रा करते हैं और इस दौरान क्षेत्र के लोग भी उनकी सेवा में जुटे रहते हैं।
श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि धानिक बेलारी पंचायत भागलपुर, मुंगेर और बांका के संगम क्षेत्र में स्थित है। उन्होंने कहा कि उनका घर भी धानिक बेलारी पंचायत के लखनपुर गांव में है। मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला के बेहतर आयोजन के लिए भागलपुर जिला प्रशासन को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, शौचालय समेत श्रद्धालुओं के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं से मिली जानकारी के अनुसार, मेला क्षेत्र में सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की गई है। पैदल मार्ग पर बालू की भी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका दीदियों ने श्रद्धालुओं के लिए सस्ती दर पर भोजन की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी कराई गई है। इसके लिए उन्होंने जीविका दीदियों और पर्यटन विभाग को बधाई दी।
नवंबर 2027 में चालू होगा सुल्तानगंज ब्रिज मुख्यमंत्री ने कहा कि सुल्तानगंज ब्रिज नवंबर 2027 में चालू हो जाएगा। वहीं, बाढ़ के कारण भागलपुर के विक्रमशिला पुल की मरम्मत का काम 15 दिनों बाद दोबारा शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की कामना है कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे, बिहार समृद्ध हो और देश विकसित हो। कार्यक्रम के दौरान ड्रोन के माध्यम से लेजर शो का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से इसका आनंद लेने की अपील की। सम्राट चौधरी ने कहा कि वह स्वयं सुल्तानगंज पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित होना चाहते थे, लेकिन पटना में कई कार्यक्रम होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि वह श्रद्धालुओं की भावना और आस्था से पूरी तरह जुड़े हुए हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!