यूपी के कानपुर में भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत के दौरान बवाल हो गया। दो भाजपा नेता और उनके समर्थक भिड़ गए। तमाचे के साथ ही जूते-चप्पल भी खूब चले। बड़े पदाधिकारियों के सामने ही अचानक हुई घटना से अफरातफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने दोनों को अलग किया। घटना को पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है। क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। कमेटी को 24 घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकरलाल लोधी के प्रथम शहर आगमन पर बुधवार को केशव नगर स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में आगे की कुर्सी पर बैठने को लेकर भाजपा दक्षिण जिला संगठन से जुड़े दो नेताओं के बीच पहले कहासुनी हुई फिर दोनों ने एक दूसरे पर हाथ छोड़ दिया और देखते ही देखते जमकर मारपीट होने लगी। थप्पड़, तमाचे, लात-घूंसे के साथ जूते और चप्पलें भी चल गईं।
बताया जाता है कि क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी के स्वागत के लिए जुलूस क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचा तो आगे बैठने को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में कुर्सी पाने की होड़ मची थी। इसी दौरान भाजपा दक्षिण जिला के पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता एक कुर्सी पर बैठ गए। दक्षिण जिला के सह मीडिया प्रभारी विनय सिंह राठौर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह उनकी कुर्सी है। कुर्सी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी तीखी हो गई।
आरोप है कि शिवपूजन सविता ने विनय सिंह राठौर को एक के बाद एक चार तमाचे जड़ दिए। जवाब में विनय सिंह ने चप्पल उतारकर शिवपूजन पर हमला कर दिया। इसी दौरान किसी कार्यकर्ता की ओर से जूता भी फेंके जाने की बात सामने आई है। अचानक इस घटनाक्रम से वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। दोनों नेताओं को रोकने और अलग करने के लिए कार्यकर्ता बीच में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद दोनों को अलग किया गया। खास बात यह रही कि पूरा विवाद क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के सामने हुआ। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय में हुई इस मारपीट से भाजपा की किरकिरी भी हुई।
पार्टी से जुड़े लोगों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच पहले से मनमुटाव चल रहा है। कुर्सी को लेकर हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ जाना इसी पुरानी खींचतान का परिणाम माना जा रहा है। दोनों ही भाजपा दक्षिण जिला संगठन से जुड़े हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। जानकारी के मुताबिक शिवपूजन सविता और विनय सिंह राठौर दोनों किदवई नगर स्थित मधुलोक अस्पताल में कार्यरत हैं। शिवपूजन सविता वहां फिजियोथेरेपिस्ट हैं, जबकि विनय सिंह राठौर ब्लड बैंक प्रभारी के पद पर काम करते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा है कि दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट के पीछे की परिस्थितियों का पता जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
घटना के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी में भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान, क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी और कार्यालय मंत्री राजेश भदौरिया को शामिल किया गया है। कमेटी दोनों पक्षों के बयान लेने के साथ कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं से भी घटनाक्रम की जानकारी लेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट क्षेत्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर पार्टी स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
भाजपा नेतृत्व के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती मामले को शांत कराने के साथ पार्टी अनुशासन बनाए रखने की है। स्वागत समारोह में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई मारपीट ने संगठन के सामने असहज स्थिति पैदा कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और मारपीट के पूरे घटनाक्रम की जांच कमेटी करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के बाद यह तय होगा कि दोनों नेताओं के खिलाफ किस स्तर की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। पार्टी नेतृत्व ने साफ संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक कार्यक्रम में अनुशासन तोड़ने की घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा।
भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत समारोह में दोनों कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट होना निश्चित रूप से अनुशासनहीनता है। दोनों पार्टी के कार्यकर्ता हैं और आपसी मतभेद को भुलाकर उनके बीच समझौता होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वह क्षेत्रीय अध्यक्ष की ओर से गठित पांच सदस्यीय जांच कमेटी के सदस्य हैं और गुरुवार तक रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!