सीएम योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर को शनिवार को एक नई और बड़ी सुविधा मिल गई है। शहरवासियों को अब विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए महंगे निजी स्थलों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। गोरखपुर के बशारतपुर में करीब 2593 वर्गमीटर में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कल्याण मंडपम् (कन्वेंशन सेंटर) की बुकिंग घर बैठे ऑनलाइन कराई जा सकेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस दो मंजिला कन्वेंशन सेंटर में करीब 300 लोगों के बैठने की क्षमता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काट कर इसका लोकार्पण किया। सीएम ने कन्वेंशन सेंटर का जायजा भी लिया।
गोरखपुर के वार्ड नंबर-80 राप्तीनगर, मौजा बशारतपुर में नगर निगम की यह जमीन लंबे समय से बेकार पड़ी थी। यहां करीब एक मीटर गहरा गड्ढा था। मिट्टी भराई कर जमीन को समतल करने के बाद चारों ओर बाउंड्रीवाल बनाई गई है। इसके बाद गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने मुख्यमंत्री की विधायक निधि से मिले 3.10 करोड़ रुपये से भव्य कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया।
कल्याण मंडपम के निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने सीएम योगी आदित्यनाथ को बताया कि कल्याण मंडपम् की बुकिंग प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की जाएगी। लोग घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से उपलब्ध तिथि देखकर मंडप की बुकिंग करा सकेंगे। इससे बुकिंग के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। गरीब और अल्प आय वर्ग के लोगों को 11000 रुपये और सामान्य वर्ग को 21000 रुपये में बुकिंग की सुविधा मिलेगी। गोरखपुर विकास प्राधिकरण स्वयं ही संचालन का काम काज देखेगा।
शनिवार को लोकार्पित कल्याण मंडपम के दो मंजिला भवन में बड़े हॉल के साथ किचन, स्टोर, कार्यालय और चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। दोनों तलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय हैं। मुख्य द्वार के सामने आकर्षक फव्वारा लगागया है। परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स से पर्याप्त पार्किंग बनाई गई है। फूल-पौधों से परिसर को सजाने के साथ मुख्य द्वार के सामने हरी घास का लॉन भी तैयार है। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि यहां विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे। स्थानीय लोगों को कार्यक्रमों के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी और आसपास ही किफायती दर पर आयोजन स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
मुख्यमंत्री की विधायक निधि से जीडीए महानगर विभिन्न हिस्सों में कुल सात कन्वेंशन सेंटर का निर्माण करा रहा है। वार्ड संख्या 05 बाबा गम्भीरनाथ के मानबेला, वार्ड 22 मोहल्ला तुलसीराम पश्चिमी के जंगल तुलसीराम बिछिया में, वार्ड संख्या 10 माधवनगर मौजा जंगल बेनी माधव नम्बर-01 में और वार्ड संख्या 80 राप्तीनगर मौजा बशारतपुर कल्याण मंडपम मिला कुल 04 कल्याण मंडपम लोकार्पित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 54 उर्वरक नगर मौजा जंगल नकहा नम्बर -2 में भी निर्माण कार्य अंतिम चरण में है जल्द लोकार्पण होगा। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या-7 महादेव झारखण्डी टुकाउा नम्बर-2 मौजा महादेव झारखण्डी टुकडा नंम्बर 03 में 2.50 करोड़ रुपये और वार्ड संख्या-02 बाबा राघवदास मौजा सेमरा में कल्याण मंडपम निर्माणाधीन है जिसके लिए 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!