अगर हर महीने सैलरी आने के बाद आपको लगता है कि पैसा कहां चला गया, पता ही नहीं चला, तो सिर्फ ज्यादा कमाई करना ही समाधान नहीं है। आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए कमाई के साथ-साथ पैसे को सही तरीके से बचाना, खर्च करना और निवेश करना भी जरूरी है। अगर आप लंबे समय में अपनी संपत्ति बढ़ाना चाहते हैं, तो कुछ आसान वित्तीय आदतों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना सकते हैं। ये आदतें आपको अचानक आने वाले खर्चों से बचाने के साथ भविष्य के लिए मजबूत आर्थिक आधार तैयार करने में मदद कर सकती हैं।
पहला नियम इमरजेंसी फंड बनाना है। नौकरी जाने, मेडिकल इमरजेंसी या अचानक बड़े खर्च की स्थिति में इमरजेंसी फंड काफी मददगार साबित होता है। आमतौर पर वित्तीय विशेषज्ञ जरूरी मासिक खर्च के करीब 3 से 6 महीने के बराबर रकम आसानी से उपलब्ध खाते या सुरक्षित साधन में रखने की सलाह देते हैं। इसे ऐसे पैसे के रूप में देखें जिसे सिर्फ वास्तविक आपात स्थिति में इस्तेमाल किया जाए।
दूसरा नियम सैलरी मिलते ही पहले बचत करना है। अक्सर लोग महीने के अंत में बचा हुआ पैसा सेव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन तब तक ज्यादातर रकम खर्च हो जाती है। इसके बजाय सैलरी आते ही एक तय रकम अपने सेविंग या निवेश खाते में ऑटोमैटिक ट्रांसफर कर दें। इससे बचत आपकी आदत बन जाएगी और गैर-जरूरी खर्च का मौका कम होगा।
तीसरा नियम हर खर्च का हिसाब रखना है। रोजाना होने वाले छोटे-छोटे खर्च महीने के अंत में बड़ी रकम बन सकते हैं। मोबाइल ऐप, स्प्रेडशीट या साधारण डायरी में खर्च लिखने से पता चलेगा कि पैसा कहां जा रहा है। अनावश्यक सब्सक्रिप्शन, बार-बार बाहर खाना या छोटी-छोटी ऑनलाइन खरीदारी जैसी आदतों की पहचान करके खर्च कम किया जा सकता है।
चौथा नियम क्रेडिट कार्ड को समझदारी से इस्तेमाल करना है। क्रेडिट कार्ड सुविधा देता है, लेकिन इसे अतिरिक्त कमाई समझना भारी पड़ सकता है। अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च न करें और कोशिश करें कि हर महीने पूरा बिल तय तारीख से पहले चुका दें। इससे महंगे ब्याज से बचने और अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
5वां नियम निवेश जल्दी शुरू करना है। निवेश जितनी जल्दी शुरू किया जाए, कंपाउंडिंग को उतना ज्यादा समय मिलता है। लंबे समय के लक्ष्यों के लिए कम लागत वाले इंडेक्स फंड जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है, लेकिन निवेश हमेशा अपने लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और समय अवधि के हिसाब से होना चाहिए। बाजार से जुड़े निवेश में जोखिम भी होता है, इसलिए बिना समझे पैसा लगाना सही रणनीति नहीं है।
छठा नियम अपनी कमाई बढ़ाने पर ध्यान देना है। सिर्फ खर्च कम करने की भी एक सीमा होती है, लेकिन अपनी कमाई बढ़ाने की क्षमता लंबे समय में काफी ज्यादा हो सकती है। नई स्किल सीखना, प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन करना, ट्रेनिंग या वर्कशॉप में हिस्सा लेना बेहतर नौकरी और ज्यादा आय के अवसर खोल सकता है। इसलिए अपनी शिक्षा और स्किल पर खर्च को सिर्फ खर्च नहीं, बल्कि भविष्य की कमाई में निवेश समझें।
7वां और बेहद जरूरी नियम है अपनी सैलरी पर बातचीत करना। आपकी सैलरी का असर सिर्फ आज की कमाई पर नहीं पड़ता, बल्कि बोनस, भविष्य की बचत और रिटायरमेंट योगदान पर भी पड़ सकता है। नौकरी बदलते समय या अप्रेजल के दौरान अपनी इंडस्ट्री की औसत सैलरी और अपनी उपलब्धियों की जानकारी रखें। अपनी वैल्यू को आत्मविश्वास के साथ सामने रखकर उचित और मार्केट के अनुरूप वेतन की मांग करें। इन सात आदतों को धीरे-धीरे अपनाने से वित्तीय अनुशासन मजबूत हो सकता है और लंबे समय में बेहतर आर्थिक भविष्य बनाने में मदद मिल सकती है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!