Pranav Constructions ipo: आईपीओ मार्केट में एक और रियल एस्टेट कंपनी आ रही है। इस कंपनी का नाम प्रणव कंस्ट्रक्शंस है। इस कंपनी ने अपने 351 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए प्राइस बैंड बुधवार को तय किया। इसके साथ ही ग्रे मार्केट में भी यह करीब 19 पर्सेंट के प्रीमियम को दिखाने लगा। आइए डिटेल में जान लेते हैं।
दरअसल, प्रणव कंस्ट्रक्शंस ने प्राइस बैंड 118 - 124 रुपये प्रति शेयर बुधवार को तय किया है। इस बीच, आईपीओवॉच पर ग्रे मार्केट प्रीमियम ₹23 रुपये के स्तर पर है। इस लिहाज से शेयर की लिस्टिंग 140 रुपये के पार हो सकती है। बता दें कि प्रणव कंस्ट्रक्शंस का आईपीओ बोली के लिए 7 सितंबर को खुलेगा और 9 सितंबर को बंद होगा। एंकर निवेशक चार सितंबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।
प्रणव कंस्ट्रक्शंस ने बताया कि आईपीओ में 315.6 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा निवेशक शेयरधारक बायोऊर्जा इंडिया इन्फ्रा 28.57 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाएगी, जिनकी कीमत 35.43 करोड़ रुपये है। इस तरह इश्यू का कुल आकार करीब 351 करोड़ रुपये होगा।
आईपीओ दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, नए शेयरों से प्राप्त राशि का इस्तेमाल सरकारी एवं वैधानिक मंजूरियां हासिल करने, अतिरिक्त एफएसआई खरीदने समेत अन्य काम के लिए किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी कर्ज चुकाने, भविष्य की पुनर्विकास परियोजनाएं हासिल करने और सामान्य कारोबारी खर्चों को पूरा करने के लिए भी आईपीओ से प्राप्त राशि का इस्तेमाल करेगी।
प्रणव कंस्ट्रक्शन मुंबई की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल है। यह मुख्य रूप से मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में पुनर्विकास परियोजनाओं पर काम करती है। कंपनी विले पार्ले, सांताक्रूज, जुहू, बांद्रा, अंधेरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली और बोरीवली जैसे इलाकों में किफायती से लेकर प्रीमियम आवासीय परियोजनाएं विकसित कर रही है। कंपनी की खासियत प्योर-प्ले रीडेवलपमेंट मॉडल है, जिसमें घर मालिकों की जरूरतों के अनुसार प्रोजेक्ट तैयार किए जाते हैं।
इस बीच,'मॉम्स बिलीफ' ब्रांड के तहत काम करने वाली रेज आफ बिलीफ लिमिटेड के आईपीओ को बुधवार को बोली के दूसरे दिन जबरदस्त रेस्पॉन्स मिला। यह आईपीओ 3.63 गुना सब्सक्राइब हुआ है। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 125 करोड़ रुपये के आईपीओ में 31,37,810 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,13,82,828 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। खुदरा निवेशकों के कोटा को 18.63 गुना बोलियां मिलीं जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 2.07 गुना बोलियां मिलीं। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए रखे गए हिस्से को एक प्रतिशत बोलियां मिलीं।
बता दें कि रेज आफ बिलीफ लिमिटेड ने सोमवार को पांच एंकर निवेशकों से 50 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 227-239 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। आईपीओ तीन सितंबर को बंद होगा। आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी के विस्तार की योजनाओं के लिए किया जाएगा। कंपनी के शेयर को आठ सितंबर के आसपास बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!