आईपीओ मार्केट सितंबर के महीने में भी गुलजार रहने वाला है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि एक और कंपनी का आईपीओ ओपन होने जा रहा है। ये कंपनी- पर्पल स्टाइल लैब्स लिमिटेड है। सचिन तेंदुलकर, सलमान खान और शाहरुख खान जैसे बड़े सेलेब्स की फेवरेट कंपनी का यह आईपीओ 31 अगस्त को खुलेगा और दो सितंबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 28 अगस्त को बोली लगा पाएंगे। अनुमान के मुताबिक, आईपीओ सोमवार 7 सितंबर को BSE और NSE पर लिस्ट हो सकता है।
680 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के लिए 546-575 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इसमें सिर्फ फ्रेश शेयर होंगे लेकिन ऑफर फॉर सेल नहीं है। मतलब ये हुआ कि आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी के अपने कारोबार में करेगी। ऑफर फॉर सेल में प्रमोटर के पास रकम रहती है। आईपीओ का लॉट साइज 26 इक्विटी शेयर है। मतलब ये कि जिन निवेशकों को आईपीओ अलॉट होगा उन्हें कम से कम 26 शेयर मिलेंगे। आईपीओ में पब्लिक इश्यू के तहत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए 75% से ज्यादा शेयर रिजर्व नहीं किए गए हैं। वहीं, नॉन-इन्स्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए कम से कम 15% और रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए कम से कम 10% शेयर रिजर्व किए गए हैं। आईपीओ का एक्सिस कैपिटल बुक-रनिंग लीड मैनेजर है जबकि Kfin टेक्नोलॉजीज को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कई तरह की बिजनेस जरूरतों के लिए करने की योजना बना रही है। इसका सबसे बड़ा हिस्सा यानी 371.13 करोड़ रुपये, कंपनी अपनी पूरी तरह से मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी PSL Retail में निवेश करेगी। इसका इस्तेमाल पूरे भारत में एक्सपीरियंस सेंटर्स और बैक-एंड ऑफिस के लिए लीज देनदारियों (किराये से जुड़े खर्चों) को पूरा करने में किया जाएगा। कंपनी ने सेल्स और मार्केटिंग गतिविधियों के लिए 138.90 करोड़ रुपये अलग रखे हैं, जो विस्तार, नए ग्राहक बनाने और ब्रांड बनाने की कोशिशों में मदद करेंगे। इसके अलावा बची हुई रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा।
मल्टी-ब्रांड लक्जरी फैशन प्लेटफॉर्म पर्निआज पॉप-अप शॉप (Pernia’s Pop-Up Shop) की मूल कंपनी पर्पल स्टाइल लैब्स (Purple Style Labs) है। कंपनी ने फरवरी 2018 में पर्निआज पॉप-अप शॉप का अधिग्रहण किया था। तब यह बिजनेस मुख्य रूप से ऑनलाइन बिक्री पर केंद्रित था। कंपनी भारत और लंदन में 14 एक्सपीरियंस सेंटर चलाती है। वहीं, मुंबई, न्यूयॉर्क में और सेंटर खोलने की योजना बना रही है। पर्निआज पॉप-अप शॉप की शुरुआत अभिषेक अग्रवाल ने की थी। कंपनी में उनकी 27.10% हिस्सेदारी है। पिछले कुछ सालों में, कंपनी ने इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स, फैमिली ऑफिस, प्राइवेट इन्वेस्टर्स और कई मशहूर हस्तियों से फंड जुटाया है।
कंपनी के जिन सेलिब्रिटी इन्वेस्टर्स के नाम सार्वजनिक किए गए हैं, उनमें शाहरुख खान, सलमान खान और उनका परिवार, सचिन तेंदुलकर, माधुरी दीक्षित और महेश बाबू शामिल हैं। माधुरी दीक्षित नेने कंपनी के शुरुआती सेलिब्रिटी इन्वेस्टर्स में से एक थीं। गौरी खान फैमिली ट्रस्ट ने नवंबर 2024 में राइट्स इश्यू में हिस्सा लिया, जबकि सचिन तेंदुलकर ने मार्च 2025 में प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए निवेश किया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!