खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने कोटपूतली-बहरोड़ में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को नगर परिषद क्षेत्र के होटल आरटीएम में पार्टी की सांगठनिक बैठक हुई, जिसमें चुनावी रणनीति से लेकर प्रत्याशी चयन, वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनाव प्रबंधन तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में निकाय चुनाव प्रभारी सुभाष पूनिया ने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि चुनाव में पार्टी अनुशासन से किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने खरीद-फरोख्त और अनैतिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
खरीद-फरोख्त पर जीरो टॉलरेंस, अनुशासन तोड़ा तो कार्रवाई
बैठक में निकाय चुनाव प्रभारी सुभाष पूनिया ने कहा कि भाजपा आगामी निकाय चुनाव में जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई पार्षद प्रत्याशी चुनाव के दौरान किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त या अनैतिक गतिविधि में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
वार्ड स्तर पर समितियां गठित, दावेदारों से लिया जाएगा फीडबैक
निकाय चुनाव की तैयारियों के तहत बैठक में वार्ड प्रभारी, वार्ड संयोजक, चुनाव समिति और चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया गया। इन समितियों के जरिए वार्ड स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को तेज किया जाएगा। साथ ही संभावित प्रत्याशियों को लेकर स्थानीय स्तर पर फीडबैक जुटाया जाएगा।
आर्थिक रूप से कमजोर कार्यकर्ताओं को भी मिलेगा मौका
बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को लेकर भी अहम बात कही गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर कोई सक्रिय और योग्य कार्यकर्ता आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण चुनाव लड़ने में असमर्थ है तो उसके नामांकन या सिक्योरिटी डिपॉजिट शुल्क की व्यवस्था संगठन और विधायक स्तर पर कराने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी ने साफ किया कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी योग्य और निष्ठावान कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने के अवसर से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
पिछली बार के आरोपों से सबक, पारदर्शिता पर जोर
बैठक में कोटपूतली नगर परिषद में पिछली बार सभापति चुनाव के दौरान पार्षदों की खरीद-फरोख्त के लगे आरोपों का भी मुद्दा उठा। भाजपा नेताओं ने कहा कि पिछली राजनीतिक परिस्थितियों का असर शहर की जनता को लंबे समय तक भुगतना पड़ा। इसी अनुभव को देखते हुए पार्टी ने इस बार चुनाव में पारदर्शिता, अनुशासन और संगठनात्मक नियंत्रण को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मोदी-भजनलाल सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाने पर जोर
निकाय चुनाव प्रभारी सुभाष पूनिया ने दावा किया कि भाजपा इस बार कोटपूतली नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ और वार्ड स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी को मजबूत करने और चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार करने की अपील की।
विधायक और जिलाध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में स्थानीय विधायक हंसराज पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल, चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!