एलपीजी सिलेंडर को लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में खास स्कीम चल रही है। कुछ राज्य में लाभार्थियों को होली और दीपावली के मौके पर मुफ्त में एलपीजी सिलेंडर दिया जा रहा है। वहीं, कुछ राज्य साल में साल के 3 एलपीजी सिलेंडर दिए जाने का ऐलान हुआ है। ऐसा ही एक ऐलान गोवा में भी हुआ है।
दरअसल, बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में हर घर को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया था। इसके लगभग साढ़े चार साल बाद गोवा सरकार ने 'गोवा उज्ज्वला योजना' शुरू की है। इसके तहत एक फाइनेंशियल ईयर में तीन मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे। राज्य सरकार ने लाभार्थियों के खाते में ₹3000 ट्रांसफर करने के लिए 9 सितंबर यानी आज सोमवार की डेडलाइन तय की है। हालांकि, इस योजना का फायदा उठाने के लिए कोई इनकम लिमिट तय नहीं की है।
अगर कोई गलत जानकारी देकर इस योजना का फायदा उठाता है, तो सरकार ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेगी और पैसे वसूल करेगी। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को बैंक पासबुक, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की प्रतियां जमा करनी जरूरी थी। बता दें कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन फॉर्म पांच सितंबर से पंचायतों और विधायकों के कार्यालयों में उपलब्ध कराए गए थे।
बीते दिनों एक कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि यह योजना 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए उनके वादे का हिस्सा है। उस समय उन्होंने लोगों को हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। सावंत के मुताबिक नौ सितंबर से लाभार्थियों के बैंक खातों में हर साल 3,000 रुपये जमा होने शुरू हो जाएंगे। इस वित्तीय सहायता से पात्र लाभार्थी योजना के तहत तीन एलपीजी सिलेंडर खरीदने का खर्च वहन कर सकेंगे।
बता दें कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने भी अन्नपूर्णी सुपर सिक्स योजना की शुरुआत की है। इसके तहत साल में तीन फ्री एलपीजी सिलेंडर की घोषणा की गई। विधानसभा में नियम 110 के तहत ये घोषणाएं करते हुए विजय ने कहा था कि फ्री एलपीजी योजना जनवरी में होने वाले पोंगल त्योहार से शुरू होगी। फ्री एलपीजी सिलेंडर से उन घरों की महिलाओं का बोझ कम होगा जो वेस्ट एशिया में युद्ध के कारण एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी और सिलेंडरों की भारी मांग से परेशान हैं। सिलेंडरों की कीमत सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी और इस योजना के लिए 4,000 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की सालाना आय ज्यादा से ज्यादा 2.5 लाख रुपये है, वे इस स्कीम का फायदा उठा सकेंगे। इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों, छोटे और सीमांत किसानों, दिव्यांग लोगों के परिवारों और समाज के दूसरे कमज़ोर वर्गों को भी इस स्कीम में शामिल किया जायेगा। बता दें कि विजय ने अपनी पार्टी के चुनावी घोषणा-पत्र में हर साल छह फ्री सिलेंडर देने का वादा किया था। इसे लागू करने के पहले चरण के तहत, उन्होंने लाभार्थियों को तीन फ्री सिलेंडर देने की घोषणा की।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!