जन सुराज पार्टी के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर की गुरुवार को बिहार सरकार के उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार के अलावा सचिव एवं कमिश्नर स्तर के अफसर मौजूद रहे। जन सुराज के इकलौते विधायक प्रशांत किशोर के साथ बैठक में बिहार सरकार के प्रशासन और पुलिस के टॉप अफसरों की मौजूदगी पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा होने लगी है। कुछ इसे प्रशांत किशोर की आक्रामक राजनीति की हनक और ताकत के असर के तौर पर देख रहे हैं तो कुछ पीके को किसी बड़े राजनीतिक खेल का हिस्सा मान रहे हैं।
पटना स्थित पुराना सचिवालय में बैठक के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पटना में ट्रैफिक, सूखा नशा, पेयजल की समस्या और अन्य मुद्दों पर सरकार से बात हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह उनकी डीजीपी के साथ मीटिंग हुई थी, आज की बैठक उसका फॉलोअप था। आज पुलिस के अलावा अन्य विभागों के मुद्दों पर भी उन्होंने अधिकारियों से बात की।
प्रशांत किशोर ने बताया कि गुरुवार को हुई बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार के अलावा परिवहन विभाग एवं नगर विकास विभाग के सचिव स्तर के अधिकारी और पटना नगर निगम के कमिश्नर समेत 5 वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
पीके ने कहा कि बैठक में राजधानी पटना की ट्रैफिक समस्या को सुधारने के लिए इंटर डिपार्टमेंटल वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। उसमें आईआईटी मद्रास जैसी संस्थाओं और विशेषज्ञों से सहायता ली जाएगी। पटना में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एक फ्यूचरिस्टिक प्लान तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पटना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क, नाली, गली, वेंडिंग जोन और पार्क जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। इसमें तय हुआ कि नगर निगम के साथ बैठकर सभी मुद्दो का समाधान निकाला जाएगा। बांकीपुर समेत पूरे पटना में पेयजल की समस्या का भी त्वरित निदान किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने हाल ही में हुए पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत दर्ज कर विधानसभा की सदस्यता हासिल की थी। पीके अपनी पार्टी जन सुराज के पहले एवं इकलौते विधायक हैं। बांकीपुर उपचुनाव में उन्होंने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा को 19 हजार वोटों के बड़े अंतर से हराया, जिसकी चर्चा देश भर में हुई।
दरअसल, बांकीपुर को बीते 3 दशक तक भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यहां से 5 बार विधायक रहे। उनके पिता भी चार बार यहां से चुनाव जीते थे। नितिन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई थी, जिस पर उपचुनाव हुआ। पीके ने भाजपा से यह सीट छीनकर जन सुराज का परचम लहरा दिया।
पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर हार झेलने वाली जन सुराज पार्टी का जोश बांकीपुर जीत से हाई है। विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर बांकीपुर को आदर्श विधानसभा बनाने, 10 हजार युवाओं की नौकरियां लगवाने और निजी स्कूलों की फीस कम कराने जैसे वादे कर चुके हैं।
अब पीके की पार्टी आगामी एमएलसी चुनाव और बिहार पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी है। प्रशांत किशोर सितंबर से बिहार यात्रा पर भी निकलने वाले हैं। साथ ही जन सुराज के संगठन का भी बिहार में विस्तार किया जाएगा। नए लोगों को पार्टी से जोड़े जाने का प्लान है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!