खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और ट्रांसफर की चाह रखने वाले शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में संगीत विषय के 111 पद बढ़ाए गए हैं। इन पदों के जुड़ने के बाद TRE-4 में शिक्षकों की कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 33,385 हो गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को TRE-4 और शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
TRE-4 में संगीत के 111 पद बढ़े
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कक्षा 9 और 10 के लिए संगीत विषय में 111 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई गई हैं। इन अतिरिक्त पदों की अधियाचना जल्द ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जाएगी। इसके बाद TRE-4 के तहत इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संगीत विषय के 111 पद बढ़ाए जाने के बाद TRE-4 में कुल रिक्तियों की संख्या 33,385 पहुंच गई है। शिक्षा विभाग की ओर से अतिरिक्त पदों की अधियाचना भेजे जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
37 हजार सरप्लस शिक्षकों को मिला मनपसंद विद्यालय
शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरप्लस शिक्षकों के कुल 73,151 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से करीब 37 हजार शिक्षकों को उनके पहले से पांचवें विकल्प तक में ही मनपसंद विद्यालय मिल गया है। इनमें बड़ी संख्या में महिला शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा मंत्री के कहा कि शिक्षकों को च्वाइस फिलिंग के दौरान अधिकतम 30 विद्यालयों का विकल्प दिया गया था। विभाग ने पहले ही स्पष्ट किया था कि शिक्षकों का स्थानांतरण उनके द्वारा दिए गए विकल्पों में शामिल विद्यालयों में ही किया जाएगा।
सरप्लस और म्यूचुअल ट्रांसफर की सूची जल्द
शिक्षा विभाग अब सरप्लस और म्यूचुअल ट्रांसफर से संबंधित सूची जल्द जारी करने की तैयारी में है। मंत्री ने कहा कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया ऐच्छिक है और इसे बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है।
17 सितंबर से सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सामान्य स्थानांतरण के लिए 17 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इस चरण में वे शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे, जो पांच अगस्त तक आवेदन नहीं कर पाए थे। विभाग का लक्ष्य 31 अक्टूबर तक स्थानांतरण से जुड़े सभी मामलों का निष्पादन करने का है। इसके बाद शिक्षक विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने विधि विभाग से मंतव्य मांगा है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि दो दिनों के भीतर विधि विभाग से जवाब मिल सकता है। इसके बाद इस संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा।
कोर्ट स्टे वाले मामले में क्या कहा?
कोर्ट के स्टे से जुड़े सवाल पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को छोड़कर अन्य सभी शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाएगा।
कंप्यूटर शिक्षक और लाइब्रेरियन की बहाली भी जल्द
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षक और लाइब्रेरियन की बहाली भी जल्द की जाएगी। विभाग की ओर से इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों के बकाया भुगतान को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी को विभाग गंभीरता से ले रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। विभाग की प्राथमिकता शिक्षक भर्ती और स्थानांतरण की प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!